खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बकरी चोरी की वारदातों में वांछित 25 हजार रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर देर रात पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को उपचार के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।पुलिस के अनुसार 27 मार्च को ख्वाजगीपुर थोंन गांव में शाम करीब छह बजे जंगल से बकरियां चराकर लौट रहे अग्रसेन लोधी से कार सवार बदमाश बकरा चोरी कर फरार हो गए थे। घटना के दौरान आरोपियों का मोबाइल मौके पर गिर गया था। इसके बाद 18 अप्रैल को मुबारकपुर गेरिया गांव में बालेंद्र कुमार के घर के बाहर बंधी दो बकरियां कार से चोरी कर ली गई थीं। इससे पहले बरायेपुर गांव के पास पानी टंकी की बाउंड्री में बैठी भेड़ों को चरवाहों को बंधक बनाकर चोरी की वारदात में भी आरोपी शामिल रहा है।
गुरुवार रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भीमपुर नहर पुलिया तिराहे से सड़वा जाने वाली नहर पटरी के पास घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखते ही बदमाश जंगल की ओर भागने लगा और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में चली गोली आरोपी के बाएं पैर में लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।
पूछताछ में आरोपी की पहचान गुड्डू उर्फ सोहेल कुरैशी पुत्र मोहम्मद नवाब, निवासी बहलोलपुर ऐलई के रूप में हुई। उसके पास से 315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, दो बकरियां और 2010 रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपी पर जनपद सहित अन्य जिलों में चोरी के 17 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
