एसडीओ ने प्राचार्य से फोन पर की बात, निर्माण कार्य शुरू नहीं करने के दिए निर्देश
रिपोर्टर सुरज वर्मा
शाहपुरा | स्मार्ट हलचल| जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) के खेल मैदान पर प्रस्तावित नवीन भवन निर्माण का विरोध तेज हो गया है। शुक्रवार को नगर कांग्रेस कमेटी ने नगर अध्यक्ष रमेश सेन के नेतृत्व में उपखण्ड अधिकारी (एसडीओ) को जिला कलक्टर, भीलवाड़ा के नाम ज्ञापन सौंपकर खेल मैदान पर किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
ज्ञापन सौंपे जाने के दौरान उपखण्ड अधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डाइट प्राचार्य से दूरभाष पर चर्चा की और निर्माण कार्य फिलहाल शुरू नहीं करने के निर्देश दिए।कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन में बताया कि डाइट परिसर में वर्तमान भवन से सटी पर्याप्त खाली भूमि उपलब्ध है, जहां नवीन भवन का निर्माण आसानी से कराया जा सकता है। इसके बावजूद खेल मैदान पर भवन निर्माण की योजना विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षणार्थियों और आम नागरिकों के हितों के विपरीत है।कांग्रेस का कहना है कि यह मैदान शाहपुरा क्षेत्र का प्रमुख सार्वजनिक खेल मैदान है, जहां वर्षभर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं, प्रशिक्षण शिविर, शारीरिक गतिविधियां एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। यदि मैदान पर निर्माण किया गया तो खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए पर्याप्त स्थान नहीं मिलेगा और क्षेत्र की खेल गतिविधियां प्रभावित होंगी। इसका सीधा असर युवा प्रतिभाओं और आने वाली पीढ़ियों के खेल विकास पर पड़ेगा।ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने मांग की कि खेल मैदान पर प्रस्तावित निर्माण पर तत्काल रोक लगाई जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा नवीन भवन का निर्माण डाइट परिसर में उपलब्ध खाली भूमि पर कराया जाए। साथ ही यदि किसी अधिकारी द्वारा नियमों की अनदेखी कर खेल मैदान पर निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष नमन ओझा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामप्रसाद धाकड़, चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष लादूलाल खटीक, नेता प्रतिपक्ष प्रतिनिधि सुनील मिश्रा, कांग्रेस नेता ओम सिंधी, पूर्व पार्षद नाथु कोली, प्रदेश सचिव चिकित्सा प्रकोष्ठ शंकर खटीक, अतुल त्रिपाठी, आशीष भारद्वाज, अंकुर ओझा, सुनील पाराशर, शिवराज आचार्य, भेरूलाल गुर्जर, दिनेश जाट, कन्हैया माली, दिनेश गुर्जर, धनराज, दिलखुश लोधा, विराट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नगर कांग्रेस ने कहा कि खेल मैदान केवल भूमि का एक हिस्सा नहीं, बल्कि क्षेत्र की युवा प्रतिभाओं, खिलाड़ियों और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण संसाधन है। इसलिए जनहित और खेल हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस मैदान को सुरक्षित रखा जाना आवश्यक है।
