बूंदी, 5 मई।स्मार्ट हलचल|केंद्र सरकार के “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” अभियान के तहत शिक्षा मंत्रालय एवं अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद द्वारा संचालित युवा संगम कार्यक्रम के फेज-6 अंतर्गत शैक्षणिक-सांस्कृतिक आदान-प्रदान यात्रा हेतु बूंदी के बालचंद पाड़ा निवासी, रामेष्ट युवा मंडल के अध्यक्ष शिखर पंचोली का चयन किया गया है।जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव ने इस उपलब्धि पर शिखर का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रमों से व्यक्तित्व विकास,भाषा कौशल व सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास होता हैं। इस चरण में राजस्थान से चयनित युवा 8 से 16 मई 2026 तक भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान धारवाड़, कर्नाटक का अध्ययन-भ्रमण करेंगे। प्रेषक संस्थान मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान जयपुर है। प्रतिभागियों को 7 मई को जयपुर में आयोजित ओरिएंटेशन एवं फ्लैग-ऑफ समारोह में भाग लेने के बाद कर्नाटक के लिए प्रस्थान करना होगा।
युवा विकास कार्यक्रम से जुड़े भूपेन्द्र योगी ने बताया कि भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों को पर्यटन, परंपरा, प्रगति, प्रौद्योगिकी एवं जन-सम्पर्क जैसे प्रमुख विषयों पर आधारित गतिविधियों से जोड़ा जाएगा, साथ ही शैक्षणिक संस्थानों में संवाद, औद्योगिक भ्रमण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, स्थानीय समुदाय से संपर्क एवं विभिन्न ऐतिहासिक दर्शनीय स्थलों का अध्ययन शामिल रहेगा।
चयनित प्रतिभागी शिखर पंचोली ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को अपने अनुभवों पर आधारित विस्तृत लेख तैयार करना होगा तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से कार्यक्रम की गतिविधियों का प्रसार भी करना होगा। उनका यह चयन राष्ट्रीय स्तर पर बूंदी के युवा प्रतिनिधित्व को सुदृढ़ करेगा।
