आठ किसानों की बोरिंगों से केबल चोरी का हुआ खुलासा,जलाकर निकाला गया कॉपर वायर किया बरामद
*दिन में खेतों में घूमकर की रेकी,रात में बाजरे की फसल की आड़ लेकर करते थे चोरी; लालसोट पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई*
अमर चन्द बैरवा
दौसा|लालसोट 10 अक्टूबर।स्मार्ट हलचल|लालसोट थाना क्षेत्र में खेतों पर लगी बोरिंगों से सबमर्सिबल केबल चोरी की लगातार हो रही वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए करौली जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई केबल को जलाकर निकाला गया कॉपर वायर भी बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपियों की संलिप्तता आठ बोरिंगों से केबल चोरी की वारदातों में सामने आई है। खेतों से केबल चोरी होने के कारण सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने और आर्थिक नुकसान से किसान परेशान थे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, लगातार निगरानी और पारंपरिक पुलिसिंग के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
जिला पुलिस अधीक्षक कुन्दन कंवरिया आईपीएस के निर्देशन में लालसोट थाना पुलिस और साइबर सेल दौसा की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश बावरिया (24) निवासी हरीरामपुरा, थाना सूरौठ तथा ओमप्रकाश बावरिया (19) निवासी जगदीपुरा, जिला करौली के रूप में हुई है।
*आठ बोरिंगों से केबल चोरी की वारदातें उजागर*
पुलिस के अनुसार, नगरियावास निवासी कैलाश प्रसाद मीना ने 24 अगस्त 2026 को लालसोट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23-24 अगस्त की रात अज्ञात चोर उसके खेत में लगी बोरिंग की सबमर्सिबल केबल काटकर ले गए। क्षेत्र के अन्य किसानों की बोरिंगों से भी केबल चोरी होने की जानकारी सामने आने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वारदातों की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लालसोट विनोद कुमार सीपा, वृत्ताधिकारी लालसोट सत्यनारायण यादव और थानाधिकारी हरलाल मीना ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद विशेष टीम गठित कर चोरी की वारदातों के खुलासे के लिए जांच तेज की गई।
पुलिस टीम ने घटनाओं के तरीके का विश्लेषण करने के साथ तकनीकी सहायता, खुफिया सूचनाओं, संदिग्धों की पहचान, रूट ट्रेसिंग और फील्ड वेरिफिकेशन पर काम किया। साइबर सेल से मिले इनपुट के आधार पर जयपुर, करौली, सवाई माधोपुर और दौसा क्षेत्र में आरोपियों की तलाश की गई। पुलिस ने राकेश और ओमप्रकाश को डिटेन कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर चोरी की केबल से निकाला गया कॉपर वायर बरामद किया गया।
*बाजरे की फसल की आड़ में वारदात*
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दिन के समय खेतों और बोरिंगों की रेकी करते थे। रात होने पर बाजरे की ऊंची फसल की आड़ लेकर खेतों तक पहुंचते और बोरिंगों की केबल काटकर ले जाते थे। इसके बाद केबल को छीलकर अंदर का वायर अलग करते और उसे जलाकर कॉपर निकाल लेते थे। कॉपर को छोटे-छोटे टुकड़ों में बेचने की बात भी सामने आई है।
*इन किसानों की बोरिंगों से चोरी*
पुलिस ने 23-24 अगस्त की मध्यरात्रि में नगरियावास निवासी कैलाश प्रसाद मीना, भागीरथ मीना, रोशनसिंह मीना और मुरारीलाल मीना तथा नाड़ी मलवास निवासी दिनेश मीना, हरकेश मीना और रामधन मीना की बोरिंगों से केबल चोरी की वारदातों का खुलासा किया है। नगरियावास निवासी हरकेश मीना की बोरिंग से केबल चोरी की एक अन्य वारदात भी शामिल है।
*अन्य वारदातों को लेकर जांच जारी*
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से लालसोट क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ और जांच की जा रही है। कार्रवाई में लालसोट थानाधिकारी हरलाल मीना के नेतृत्व में थाना पुलिस और साइबर सेल दौसा की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में सहायक उपनिरीक्षक अमरसिंह, साइबर सेल के सहायक उपनिरीक्षक प्रेमनारायण शर्मा, हेड कांस्टेबल लक्ष्मीकांत शर्मा व दिनेश कुमार, कांस्टेबल महेन्द्र कुमार, रामनिवास, गिर्राज प्रसाद, लहरीलाल, प्रवीण कुमार और विजयपाल शामिल रहे।