सिकंदरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, अपहरण के दो घंटे में दोनों बालक दस्तयाब

मिठाई दिलाने के बहाने बाइक पर बैठाकर ले गया था आरोपी, करौली जिले से दोनों बच्चों को सुरक्षित तलाशा

*आरोपी रघुवीर सिंह डिटेन, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त*

 

अमर चन्द बैरवा

दौसा|स्मार्ट हलचल|सिकंदरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो गुमशुदा बालकों को महज दो घंटे में दस्तयाब कर लिया। पुलिस ने दोनों बच्चों को करौली जिले के राजपुरा गुड़ा चंद्रजी क्षेत्र से तलाश कर सुरक्षित बरामद किया। मामले में आरोपी रघुवीर सिंह को डिटेन कर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है।

*मिठाई दिलाने के बहाने ले गया था साथ*

पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर को परिवादिया ने सिकंदरा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि सुबह करीब 10 बजे रघुवीर सिंह उनके घर आया था। उस समय वह भैंसों को पानी पिला रही थी और उसके दो पोते पृथ्वी (8) तथा शुभम (6) आंगन में खेल रहे थे। आरोप है कि रघुवीर सिंह दोनों बच्चों को मिठाई दिलाने का बहाना बनाकर मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने साथ ले गया। काफी समय तक बच्चों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

*तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता*

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक कुन्दन कंवरिया आईपीएस के निर्देशन में सिकंदरा थाना पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर बच्चों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने क्षेत्र में तलाश के साथ मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज होने के महज दो घंटे के भीतर दोनों बालकों को करौली जिले के राजपुरा गुड़ा चंद्रजी क्षेत्र से दस्तयाब कर लिया। इसके बाद आरोपी रघुवीर सिंह को डिटेन कर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई।

*थानाधिकारी के नेतृत्व में टीम ने की कार्रवाई*

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंकर लाल मीना तथा मानपुर वृत्ताधिकारी अशोक कुमार मीना के निकटतम सुपरविजन में सिकंदरा थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में कांस्टेबल राजेंद्र प्रसाद, चंद्रपाल, वीरेन्द्र सिंह और विक्रम सिंह शामिल रहे। कार्रवाई में कांस्टेबल वीरेन्द्र सिंह की विशेष भूमिका रही। पुलिस आरोपी रघुवीर सिंह पुत्र गजराज सिंह, निवासी जिला करौली, से पूछताछ कर प्रकरण में आगे का अनुसंधान कर रही है।