:- किशनगढ़ खेल स्टेडियम में 500 पौधों का पौधरोपण, विद्यालय में स्टाफ बढ़ाने व कला संकाय खोलने की उठी मांग
राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी
स्मार्ट हलचल|मुख्यमंत्री हरियालो राजस्थान अभियान के तहत शुक्रवार को ग्राम पंचायत किशनगढ़ स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल स्टेडियम में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत विशाल वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए करीब 500 विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मांडलगढ़ विधायक गोपाल लाल खंडेलवाल ने पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी नागरिकों से अपनी मां के नाम कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण और बेहतर भविष्य का आधार बनेगा। इस अवसर पर निवर्तमान उप जिला प्रमुख शंकरलाल गुर्जर, रामस्वरूप गुर्जर, अंबेश भवानी शंकर चौधरी, भाजपा पूर्व मंडल अध्यक्ष सुरेश पाराशर, विधानसभा प्रभारी अनिल पारीक तथा विद्यालय की प्रधानाचार्य शिरीन परवीन सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी पौधारोपण किया। कार्यक्रम के दौरान निवर्तमान उप जिला प्रमुख शंकरलाल गुर्जर ने ग्राम किशनगढ़ में खेल स्टेडियम के निर्माण एवं क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए विधायक गोपाल लाल खंडेलवाल का आभार व्यक्त किया। वहीं विद्यालय प्रशासन ने विधायक को विद्यालय में शिक्षकों एवं स्टाफ की कमी से अवगत कराया तथा कला संकाय शुरू करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। विधायक ने विद्यार्थियों के हित में मांगों पर सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया। आयोजकों ने बताया कि ग्राम पंचायत किशनगढ़ एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में इस वर्ष करीब 2000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संदेश दिया।
