:- आचार संहिता की पालना और निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों से कराया अवगत
। राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी
स्मार्ट हलचल|राज्य निर्वाचन आयोग एवं जिला कलेक्टर भीलवाड़ा के निर्देशानुसार शनिवार को उपखंड अधिकारी कार्यालय कोटड़ी में दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में पंचायत समिति कोटड़ी क्षेत्र के संभावित सरपंच, पंच एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के उम्मीदवारों ने भाग लिया। इस दौरान उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया, नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया तथा चुनाव संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। कार्यशाला में प्रशासनिक अधिकारी पारस कुमार गोधा ने संभावित प्रत्याशियों को पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नामांकन पत्र भरते समय आवश्यक सावधानियों, निर्वाचन संबंधी नियमों तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना के बारे में जानकारी प्रदान की।
आचार संहिता की पालना पर दिया जोर
कार्यशाला के दौरान संभावित उम्मीदवारों को निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आदर्श आचार संहिता की पालना करने के लिए जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि चुनाव से संबंधित सभी गतिविधियां निर्धारित नियमों एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित की जानी चाहिए। नामांकन प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि से बचने तथा आवश्यक औपचारिकताओं को नियमानुसार पूरा करने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया। कार्यशाला में संभावित उम्मीदवार भवानी शंकर जाट, शिवराज जाट, सालम गुर्जर, भेरू लाल गुर्जर, कैलाश सुथार, कैलाश तिवारी, लादू लाल गुर्जर एवं अरविंद सिंह राजपूत सहित बड़ी संख्या में संभावित सरपंच, पंच एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के उम्मीदवार उपस्थित रहे।