हर सड़क पर बेसहारा गौवंश का कब्जा, हादसों का खतरा बढ़ा; व्यवस्था के अभाव पर उठे सवाल
अलकेश पारीक
स्मार्ट हलचल|जहाजपुर नगर में बेसहारा गौवंश की समस्या लगातार विकराल होती जा रही है। नगर की मुख्य सड़कों से लेकर रिहायशी कॉलोनियों तक दर्जनों गौवंश खुलेआम घूमते और सड़क के बीच खड़े दिखाई देते हैं। इससे हर समय सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, लेकिन नगर पालिका अब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं खोज सकी है।स्थिति इसलिए भी चिंताजनक है क्योंकि नगर पालिका के पास न अपनी गौशाला है और न ही सरकारी कांजी हाउस, जहां बेसहारा गौवंश को सुरक्षित रखा जा सके। परिणामस्वरूप पूरा नगर ही इन पशुओं का आश्रय स्थल बन गया है और सड़कें आमजन के बजाय गौवंश के कब्जे में नजर आने लगी हैं। स्थानीय निकायों की जिम्मेदारी में ऐसे पशुओं के प्रबंधन की व्यवस्था भी शामिल मानी जाती है।
तस्वीर भी इसी बदहाल व्यवस्था की गवाही देती है, जिसमें एक पूरी सड़क पर बड़ी संख्या में गौवंश खड़ा दिखाई दे रहा है। ऐसे हालात में दोपहिया वाहन चालक, स्कूली बच्चे और बुजुर्ग सबसे अधिक खतरे में हैं। बारिश और रात के समय यह जोखिम कई गुना बढ़ जाता है।
नगरवासियों का कहना है कि वर्षों से समस्या बनी हुई है,नगर में कई बार सांडो की लडाई के दौरान कई राहगीर घायल हो चुके हैं , लेकिन न कोई ठोस अभियान चलाया गया और न ही ऐसी व्यवस्था बनाई गई जिससे बेसहारा गौवंश को सड़कों पर भटकने के बजाय उचित आश्रय स्थल मिले
