जहाजपुर तहसील में तीसरे दिन भी एक घंटे का सांकेतिक प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ जताया रोष
अलकेश पारीक
जहाजपुर। स्मार्ट हलचल|राजस्थान पटवार एवं राजस्व कर्मचारी संगठन के आह्वान पर अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर जहाजपुर तहसील में राजस्व कर्मियों का आंदोलन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। बुधवार को दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक तहसील कार्यालय के बाहर कर्मचारियों ने सांकेतिक धरना देकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
धरने को संबोधित करते हुए संगठन के अध्यक्ष नारायण लाल धाकड़ ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर कई बार सरकार का ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आज भी सरकार ने मांगों पर निर्णय नहीं लिया तो गुरुवार से जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
धरने में मौजूद कर्मचारियों ने कहा कि उनकी तीन सूत्रीय मांगों में भयमुक्त कार्य वातावरण उपलब्ध कराना, निलंबित कर्मचारियों की बहाली तथा स्थानांतरित कर्मचारियों को कार्यमुक्त करने सहित अन्य लंबित मुद्दों का शीघ्र समाधान किया जाए।
कर्मचारियों ने सरकार को चेताते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों की लगातार अनदेखी की गई तो आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार एवं प्रशासन की होगी।
