सूरौठ।स्मार्ट हलचल|शहर की बीचों-बीच आबादी में गांधी स्मारक मैदान मे स्थित चाय की थड़ी में रात 11:00 बजे करीब आग लग गई। आगजनी में दो गैस सिलेंडर फट गए। सिलेंडर फटने के दौरान हुए तेज धमाकों से शहर के लोगों में दहशत फैल गई। आसपास रहने वाले लोग घरों को छोड़कर भाग छूटे। मौके पर पहुंची सूरौठ पुलिस की तत्परता के कारण बडा हादसा टल गया। पीडित दुकानदार बबलू मीणा ने आशंका जताई है कि उसकी थडी में किसी ने रंजिश वश आग लगाई है। सिलेंडर फटने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के मकानों के गेटों पर लगे ताले तक खुल गए। आग तेजी से फैलने के कारण थड़ी में रखा सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलने पर दमकल मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक थड़ी में रखा सामान जल चुका था। सूरौठ थाना प्रभारी सुमेर सिंह गुर्जर, चौकी इंचार्ज मुरारी लाल सहित कई पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर स्थिति को संभाला तथा आसपास मौजूद लोगों को घटनास्थल से सुरक्षित दूरी पर हटाया जिससे दूसरा सिलेंडर फटने पर जन हानि नहीं हो सकी।
सूरौठ निवासी बबलू मीणा की लकड़ी से बनी चाय की थड़ी में रविवार की रात 11 बजे अचानक आग लग गई। आग की लपटे उठने पर आसपास के लोगों को जाग हो गया। सूचना मिलने पर बबलू मीणा और उनके परिजन तथा सूरौठ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लोगों ने आग को बुझाने का भरसक प्रयास भी किया लेकिन सफलता नहीं मिली। पहला गैस सिलेंडर रात 12 बजे के करीब फटा जिससे लोगों में दहशत गई। पहला गैस सिलेंडर फटने के बाबजूद भी कुछ लोग आग बुझाने मोके पर पहुंच गए लेकिन थाना प्रभारी सुमेर सिंह गुर्जर ने सूझबूझ का परिचय देते हुए सभी लोगों को खींच कर गांधी स्मारक मैदान से बाहर पहुंचा दिया। इतने में ही बड़े धमाके के साथ दूसरा गैस सिलेंडर भी फट गया जिससे जन हानि होते होते बच गई। देखते ही देखते थडी में रखे गिलासों के कार्टून, भट्टी, कूलर, एलइडी, भगोना खेरीज एवं अन्य बर्तन जल गए। गैस सिलेंडर के टुकड़े आसपास के घरों एवं दुकानों की छतों पर पहुंच गए।