कई प्रकरणों का मौके पर निस्तारण, अधिकारियों ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
गंगापुर – ग्राम पंचायत चावण्डिया में
आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिला। राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार आयोजित शिविर में उपखण्ड अधिकारी विवेक गुर्जर ने अध्यक्षता की। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका मौके पर समाधान किया।
शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से अन्नप्राशन, गोदभराई एवं जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए गए। पंचायतीराज विभाग ने 3 पात्र परिवारों को आवासीय पट्टों का वितरण किया। पशुपालन विभाग की ओर से मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत पशु बीमा पॉलिसियों का वितरण किया गया।
राजस्व विभाग ने बंटवारा संबंधी प्रकरणों का निस्तारण कर संबंधित पक्षकारों को राहत दी। चिकित्सा विभाग की ओर से निक्षय पोषण किट एवं आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। वहीं कृषि विभाग ने किसानों को मूंग बीज मिनी किट और मृदा स्वास्थ्य कार्ड प्रदान किए। इस अवसर पर चावण्डिया सरपंच सीमा देवी कुमावत, तहसीलदार वीरेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार राधेश्याम विजय वर्गी, रूप लाल कुमावत सहित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
