दक्षिण राज. प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के चुनाव का बिगुल, 19 जुलाई को होगा पदाधिकारीयों का निर्वाचन

(पंकज पोरवाल)

भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|दक्षिण राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के वर्ष 2026-29 के कार्यकाल हेतु नई पदाधिकारीयों के गठन की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। चुनाव कार्यालय, भीलवाड़ा द्वारा जारी चुनाव अधिसूचना के अनुसार सभा के अध्यक्ष सहित विभिन्न पदाधिकारियों का निर्वाचन 19 जुलाई 2026 (रविवार) को कार्यकारी मंडल के सदस्यों द्वारा किया जाएगा। इसके साथ ही चुनाव कार्यक्रम एवं प्रक्रिया भी जारी कर दी गई है। मुख्य चुनाव अधिकारी सत्यनारायण मुंदड़ा द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार चुनाव में अध्यक्ष (1), उपाध्यक्ष (6), मंत्री (1), अर्थमंत्री (1) एवं संगठन मंत्री (1), सह मंत्री (6) सहित कुल 16 पदों के लिए निर्वाचन होगा। चुनाव प्रक्रिया केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कराई जाएगी तथा समिति का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि प्रत्येक पद के लिए नामांकन शुल्क 5,000 रुपये निर्धारित किया गया है। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार की आयु 45 वर्ष तथा अन्य सभी पदों के उम्मीदवारों की आयु 40 वर्ष या उससे अधिक होना आवश्यक है। साथ ही केवल कार्यकारी मंडल के सदस्य ही मतदान के पात्र होंगे तथा मतदान के समय उनका उपस्थित होना अनिवार्य रहेगा। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 19 जुलाई को प्रातः 11.30 बजे से 12.30 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद दोपहर 12.45 बजे नामांकन पत्रों की जांच एवं वैध प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित की जाएगी। दोपहर 1.30 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे तथा 1.45 बजे अंतिम प्रत्याशी सूची जारी होगी। यदि किसी पद पर एक से अधिक उम्मीदवार मैदान में रहते हैं तो दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना की जाएगी और तत्पश्चात परिणाम घोषित किए जाएंगे। विजयी अध्यक्ष का शपथ ग्रहण परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद संपन्न कराया जाएगा। चुनाव कार्यालय ने सभी पात्र सदस्यों से समय पर उपस्थित होकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है। चुनाव अधिसूचना की प्रतिलिपि केंद्रीय चुनाव समिति एवं संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी गई है। माहेश्वरी समाज में चुनाव को लेकर उत्साह का माहौल है तथा विभिन्न पदों के लिए संभावित उम्मीदवारों के बीच संपर्क एवं तैयारियां तेज हो गई हैं।