जीपीएस स्कूल के बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए जगाई सड़क सुरक्षा की अलख

मदन मोहन गर्ग

गंगापुर सिटी, स्मार्ट हलचल। पुलिस थाना उदई मोड़ की पहल पर चलाए जा रहे जीवन रक्षा-सड़क सुरक्षा अभियान के तहत उदेई मोड़ पर जीपीएस स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर प्रस्तुति देकर यातायात नियमों के महत्व को सरल और रोचक अंदाज में समझाया। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से बच्चों ने आमजन को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ट्रैफिक संकेतों का पालन करने तथा सड़क पर सावधानी बरतने का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने बताया कि यातायात नियमों की पालना से दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और लोगों का जीवन सुरक्षित रह सकता है।थाना प्रभारी बृजेश तंवर ने बताया कि कार्यक्रम में जीपीएस स्कूल के करीब 25 से 30 विद्यार्थी एवं शिक्षक शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पुलिस ने भी आमजन से सुरक्षित यातायात नियम अपनाने की अपील की।