चित्तौड़गढ़: सेंट्रल एकेडमी में बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर और HPV टीके के प्रति किया जागरूक

चित्तौड़गढ़ (स्मार्ट हलचल)। जिला कलेक्टर डॉ. मंजू के निर्देशानुसार चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं को निशुल्क HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीका लगाया जा रहा है। प्रथम चरण में 14 से 15 वर्ष तक की बालिकाओं को चिह्नित कर टीकाकरण किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सेंट्रल एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बालिकाओं के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

बाजार में 5 हजार का है टीका, सरकार दे रही मुफ्त

कार्यक्रम में जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रियंका वर्मा ने बालिकाओं को बताया कि महिलाओं में होने वाले जानलेवा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए यह अभियान अहम है। यह वैक्सीन बाजार में करीब 5000 रुपये की लागत से मिलती है, जबकि चिकित्सा विभाग द्वारा यह मुफ्त लगाई जा रही है। सांख्यिकी अधिकारी विनोद कुमार गन्ना ने बालिकाओं को एनीमिया से बचाव के लिए आयरन की गोलियां और आहार में गुड़-चना शामिल करने की सलाह दी।

सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को लगेगा टीका

अधिकारियों ने अपील की कि बालिकाएं आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को निकटतम जिला चिकित्सालय, उप जिला चिकित्सालय या सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर जाकर अपना HPV टीकाकरण अवश्य करवाएं। इसके साथ ही लू और तापघात से बचाव की भी जानकारी दी गई।

स्वस्थ बालिका ही सशक्त समाज की आधारशिला

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. परेश कुमार नागर ने कहा, “स्वस्थ बालिका ही सशक्त समाज की आधारशिला है, और HPV टीकाकरण उनके सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”

कार्यक्रम में चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर्यन, चिकित्सा सहयोगिनी मीना बारेठ व विमला बेरवाल ने भी जानकारी साझा की। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ से शांति सक्सेना, रेणुका गगरानी, जुबली चतुर्वेदी, डॉ. मनीषा दाधीच, संगीता मेहता, वर्षा सोनी सहित बड़ी संख्या में शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।