( महेन्द्र नागौरी)
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|जिले के आसींद क्षेत्र के रघुनाथपुरा (धावजी का खेड़ा) स्थित प्राचीन धोली मंगरी देवनारायण मंदिर में सात दिवसीय पंच कुंडात्मक विष्णु महायज्ञ शुक्रवार को भव्य और दिव्य पूर्णाहुति के साथ सम्पन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मंदिर शिखर पर विधि-विधान से कलश स्थापना की गई, वहीं शिव परिवार और हनुमानजी की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा भी श्रद्धापूर्वक कराई गई।
महायज्ञ का आयोजन सवाईभोज मंदिर के महंत सुरेशदास महाराज के सानिध्य में तथा यज्ञाचार्य गोपाल शास्त्री के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। अभिजीत मुहूर्त में हुई पूर्णाहुति ने श्रद्धालुओं को गहन आध्यात्मिक अनुभूति से सराबोर कर दिया।
आयोजन में विभिन्न स्थानों से पधारे संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की भव्यता बढ़ाई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ भाग लेकर यज्ञ में आहुतियां दीं और धर्मलाभ अर्जित किया।
इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर, पूर्व विधायक हगामीलाल मेवाड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति, आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।
