कोठाज-दातड़ा चौराहे के बीच दर्दनाक सड़क हादसा, फलासेड के दो युवकों की मौत से क्षेत्र में पसरा मातम

छप्पन भोग महोत्सव की भजन संध्या में शामिल होने आ रहे थे कन्हैयालाल गुर्जर और रामपाल गुर्जर, अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ हादसा

रमेशचंद्र डाड

आकोला|स्मार्ट हलचल।क्षेत्र में बीती रात एक बेहद दुखद और हृदयविदारक सड़क हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। कोठाज और दातड़ा चौराहे के बीच अज्ञात वाहन की टक्कर से फलासेड निवासी दो युवकों कन्हैयालाल गुर्जर एवं रामपाल गुर्जर का दर्दनाक निधन हो गया। हादसे की खबर मिलते ही फलासेड सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक कोठाज में आयोजित 38वें विशाल छप्पन भोग महोत्सव के तहत चल रही रात्रि भजन संध्या में शामिल होने के लिए आ रहे थे। इसी दौरान कोठाज और दातड़ा चौराहे के बीच वे सड़क हादसे का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से यह दुर्घटना हुई। हालांकि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और टक्कर मारने वाला वाहन कौन-सा था, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

एक धार्मिक आयोजन में शामिल होने के लिए घर से निकले दोनों युवकों की असमय मौत की खबर ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। जिस महोत्सव में भक्ति और भजनों की गूंज सुनाई दे रही थी, वहीं इस दुखद घटना की खबर से माहौल गमगीन हो गया।

दो युवकों की एक साथ हुई मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक का माहौल है और हर आंख नम है।