शाहपुरा में गौ सम्मान रैली, ‘गौ माता को राष्ट्रमाता’ घोषित करने की उठी मांग, एसडीएम को सौंपे 4 ज्ञापन

शाहपुरा-मूलचन्द पेसवानी

स्मार्ट हलचल|शाहपुरा शहर में सोमवार को गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत भव्य रैली निकालकर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महलों का चैक से शुरू हुई रैली त्रिमूर्ति स्मारक होते हुए ैक्ड कार्यालय पहुंची, जहां प्रदर्शन कर गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग उठाई गई। इस दौरान बड़ी संख्या में गौभक्त, संत-महंत, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
रैली में शामिल लोग हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर चल रहे थे, जिन पर ‘गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करो’ और ‘गौ संरक्षण हमारा धर्म’ जैसे नारे लिखे हुए थे। पूरे मार्ग में गौ माता के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। रैली के ैक्ड कार्यालय पहुंचने पर प्रदर्शन किया गया और प्रशासन के माध्यम से केंद्र व राज्य सरकार तक अपनी मांग पहुंचाई गई।
इस अवसर पर शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा और जिला प्रचारक रामेश्वरलाल धाकड़ के नेतृत्व में एसडीएम सुनील मीणा को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के चार सेट राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम भेजे गए हैं, जिनमें गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल है।
विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने कहा कि देशभर में गौभक्तों और सनातन धर्मावलंबियों की यह भावनात्मक मांग है कि गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिया जाए। उन्होंने बताया कि वे इस विषय में प्रधानमंत्री को पत्र भी लिख चुके हैं और आगामी विधानसभा सत्र में भी इस मुद्दे को उठाएंगे। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से भी गहराई से जुड़ा हुआ है।
जिला प्रचारक रामेश्वरलाल धाकड़ ने कहा कि गौवंश भारतीय संस्कृति और परंपरा का अभिन्न अंग है। इसकी रक्षा करना हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते गौ संरक्षण को लेकर ठोस और प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

कार्यक्रम में विभिन्न मंदिरों के पुजारी, संत समाज, गौसेवा समितियों के पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्र के सैकड़ों गौभक्त शामिल हुए। आयोजन के दौरान अनुशासन और शांति बनाए रखते हुए अपनी मांगों को प्रशासन तक पहुंचाया गया।
गौरतलब है कि देश के विभिन्न हिस्सों में गौ संरक्षण और सम्मान को लेकर समय-समय पर इस प्रकार के अभियान चलाए जाते रहे हैं। शाहपुरा में आयोजित यह रैली भी उसी कड़ी का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य समाज में जागरूकता फैलाना और सरकार का ध्यान इस मुद्दे की ओर आकर्षित करना है।