शाहपुरा विस क्षेत्र में विकास की बड़ी समीक्षा बैठक हुई

हर गांव में श्मशान घाट बनाने के निर्देश जारी
पानी-बिजली और सड़कों पर अफसरों को सख्ती
विधायक बैरवा बोले-लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं

शाहपुरा-मूलचन्द पेसवानी
स्मार्ट हलचल|विधानसभा क्षेत्र शाहपुरा-बनेड़ा के विकास कार्यों को तेज रफ्तार देने के लिए सोमवार को पंचायत समिति शाहपुरा के सभागार में महत्वपूर्ण और उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने की। बैठक में उपखंड अधिकारियों, तहसीलदारों, विकास अधिकारियों, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, जलदाय, चंबल परियोजना, विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सरपंच और प्रशासक मौजूद रहे।
बैठक में क्षेत्र की जमीनी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विकास कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। विधायक डॉ. बैरवा ने स्पष्ट कहा कि अब विकास कार्यों में देरी और लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध कार्य प्रणाली अपनाने और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।

श्मशान घाट नहीं तो तुरंत बनेगा- प्राथमिकता तय
बैठक का मुख्य फोकस उन गांवों पर रहा जहां आज भी श्मशान घाट की सुविधा उपलब्ध नहीं है। विधायक ने निर्देश दिए कि ऐसे सभी ग्रामों की सूची तैयार कर तत्काल सर्वे किया जाए और प्राथमिकता के आधार पर श्मशान घाटों का निर्माण शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि यह केवल एक सुविधा नहीं बल्कि मानव जीवन से जुड़ी संवेदनशील आवश्यकता है, जिसे हर हाल में पूरा किया जाना चाहिए।

श्मशान तक जाने वाले रास्तों पर भी कार्रवाई-
श्मशान घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की खराब हालत पर विधायक ने नाराजगी जताई। कई गांवों में लोगों को अंतिम संस्कार के समय कच्चे और दुर्गम रास्तों से गुजरना पड़ता है। इस पर उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी ऐसे मार्गों का सर्वे कर शीघ्र मरम्मत, चैड़ीकरण और जहां जरूरत हो नए मार्गों का निर्माण कराया जाए।

गर्मी में पानी बना बड़ी चुनौती, वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश-
बैठक में पेयजल संकट को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। विधायक ने जलदाय विभाग को सख्त निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में किसी भी गांव में पानी की कमी नहीं होनी चाहिए। जहां जल संकट गहरा है, वहां टैंकरों के माध्यम से नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही नए हैंडपंप, ट्यूबवेल और जल स्रोत विकसित करने पर भी जोर दिया गया।

बिजली व्यवस्था सुधारने के निर्देश, ट्रांसफार्मर बदलने पर जोर-
ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की समस्या को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। विधायक ने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। खराब ट्रांसफार्मरों को तुरंत बदलने, लाइन फॉल्ट को जल्द ठीक करने और विशेष रूप से श्मशान घाटों व सार्वजनिक स्थलों पर बिजली की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों को चेतावनी, काम में लापरवाही नहीं चलेगी
विधायक डॉ. बैरवा ने बैठक में स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और हर कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। जरूरत पड़ने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई भी की जाएगी।

प्रगति रिपोर्ट पेश, आगे की योजना तय
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। आगामी कार्यों के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार की गई और प्राथमिकताओं को चिन्हित किया गया।
अंत में विधायक ने सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से आह्वान किया कि वे पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें, ताकि शाहपुरा-बनेड़ा विधानसभा क्षेत्र को विकास के नए मुकाम तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और आमजन को सीधा लाभ मिलेगा।