राधा-कृष्ण के मनोहारी श्रृंगार के बीच महिलाओं ने भजनों पर किया नृत्य
‘राधे झूले में पधारो झुक आए बदरा,‘राधा मैं तेरे पर मगन’
कोटा। स्मार्ट हलचल|सावन की भक्ति और उल्लास से आईएल मंदिर का वातावरण उस समय भक्तिमय हो उठा, जब मंदिर महिला मंडल की ओर से हिंडोला उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। राधा-कृष्ण के मनोहारी श्रृंगार, मधुर भजनों और महिलाओं के भावपूर्ण नृत्य ने पूरे वातावरण को कृष्ण भक्ति के रंग में रंग दिया। उत्सव में करीब 150 महिला-पुरुषों ने सहभागिता की।
महिला मंडल की संयोजिका पुष्पा गट्टानी ने बताया कि इस अवसर पर राधा-कृष्ण का विशेष एवं आकर्षक श्रृंगार कमलेश राठौर एवं पूनम भट्ट ने किया। इसके बाद महिलाओं ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। राधा तिवारी ने ‘राधा मैं तेरे पर मगन’, पूनम भट्ट ने ‘राधे-राधे बोल चले आएंगे बिहारी’, चंदा मित्तल एवं संतोष नामा ने ‘राधे झूले में पधारो झुक आए बदरा’, पुष्पा मथुरिया ने ‘सांवरिया झूला डल गया रे’ तथा पुष्पा खंडेलवाल ने ‘रंगीलो सावन आयो रे’ सहित अनेक भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों पर महिलाओं ने उत्साहपूर्वक नृत्य कर उत्सव में चार चांद लगा दिए।
इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट के संरक्षक सुरेंद्र शर्मा, पूर्व पार्षद योगेंद्र आहलुवालिया राणा, अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल, सचिव योगेंद्र जोशी, सत्यनारायण चीता, दिवाकर दाधीच, ताराचंद गुप्ता, ओम गट्टानी सहित अनेक पदाधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मंदिर पुजारी मनोज तिवारी ने भगवान की आरती कराई। आरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर राधे-कृष्ण के जयकारों से गूंज उठा। इसके पश्चात सभी श्रद्धालुओं ने महाप्रसादी ग्रहण की।
