दिव्यांगजनों ने दिखाई हौसलों की उड़ान, दिया ‘असंभव कुछ नहीं’ का संदेश

कलेक्ट्रेट सभागार में ‘सपनों की उड़ान’ कार्यक्रम आयोजित, 100 दिव्यांगजनों ने उत्साह से लिया भाग

अनिल कुमार खींची

ब्यावर। स्मार्ट हलचल।दिव्यांगता किसी की प्रतिभा और सपनों के आड़े नहीं आ सकती, जरूरत है तो केवल आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प और उचित अवसर की। इसी संदेश के साथ शनिवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से ‘सपनों की उड़ान, असंभव कुछ नहीं’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 100 दिव्यांगजनों ने भाग लेकर उत्साहपूर्वक राज्य स्तरीय समारोह से जुड़कर प्रेरणादायी संदेश प्राप्त किए।

कार्यक्रम मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ा रहा। जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी विशाल सिंह सोलंकी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण, आत्मसम्मान, अधिकारों और आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग हैं और उन्हें समान अवसर एवं उचित मंच उपलब्ध कराकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जाना चाहिए। वक्ताओं ने दिव्यांगजनों की क्षमताओं और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते हुए आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।

इस दौरान दिव्यांगजनों के प्रति समाज में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने तथा उन्हें सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन के लिए प्रेरित करने पर बल दिया गया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनदान देथा, संजय दिव्यांग विद्यालय के उपनिदेशक घनश्याम, पैरालंपिक खिलाड़ी पप्पू काठात, सलीम सहित दिव्यांग प्रतिनिधि मौजूद रहे।