एजाज़ अहमद उस्मानी
स्मार्ट हलचल|नागौर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन संकल्प – नशा मुक्त नागौर के तहत पुलिस ने एक बड़ी और प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के निर्देशन में लगातार हो रही सख्त कार्यवाहियों की कड़ी में इस बार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्ति पर सीधा प्रहार किया गया है।
पुलिस ने आरोपी ऋषिराज गौतम द्वारा नशे के कारोबार से अर्जित आय से बनाए गए एक आलीशान मकान को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F के तहत फ्रीज कर दिया है। यह मकान कस्बा रियांबड़ी में स्थित है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत प्लॉट सहित करीब 50 से 60 लाख रुपये बताई जा रही है। थानाधिकारी पादूकलां द्वारा जारी किए गए इस फ्रीजिंग आदेश को दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकारी ने भी कन्फर्म कर दिया है, जिससे पुलिस की कार्रवाई को कानूनी मजबूती मिली है। आरोपी ऋषिराज गौतम के खिलाफ थाना पादूकलां तथा थाना रजियासर (जिला श्रीगंगानगर) में एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से ही प्रकरण दर्ज हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपनी पहचान छिपाकर नशे की तस्करी से भारी मात्रा में अवैध धन अर्जित किया और उसी से यह आलीशान मकान तैयार किया। नागौर पुलिस ने इस अवैध संपत्ति को चिन्हित कर फ्रीजिंग की कार्रवाई कर स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
इस पूरी कार्रवाई में थाना पादूकलां पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस प्रशासन ने दोहराया है कि जिले में नशा बेचकर समाज को खोखला करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
