चौमहला।स्मार्ट हलचल|डग ब्लॉक में एजुकेट गर्ल्स संस्था की ओर से पढ़ाई बीच में छोड़ चुकी बालिकाओं एवं महिलाओं को पुनः शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से प्रगति कैंप संचालित किए जा रहे हैं। ब्लॉक के 18 गांवों में 14 से 29 वर्ष आयु वर्ग की 373 महिला शिक्षार्थियों के लिए संचालित इन कैंपों के माध्यम से कक्षा 10वीं से पहले पढ़ाई छोड़ चुकी शिक्षार्थियों को नामांकन से लेकर परीक्षा की तैयारी तक निशुल्क सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।संस्था के प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर सज्जन सिंह के निर्देशन में महिला प्रेरकों के माध्यम से कैंप संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेंद्र कुमार जैन, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बाबूलाल चौहान, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गंगधार के व्याख्याता ओमप्रकाश शर्मा, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य लालचंद सोनी एवं व्याख्याता तेजपाल ने गंगधार में संचालित प्रगति कैंप का अवलोकन किया।
अवलोकन के दौरान अधिकारियों ने शिक्षार्थियों से संवाद कर उनके पढ़ाई छोड़ने के कारणों, दोबारा शिक्षा से जुड़ने के अनुभवों तथा स्टेट ओपन स्कूल के माध्यम से पढ़ाई जारी रखने और अपने सपनों को पूरा करने के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने शिक्षार्थियों की समस्याओं को सुना और शिक्षा के मार्ग में आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेंद्र कुमार जैन ने शिक्षार्थियों की समस्याओं का समाधान करते हुए उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहने और नियमित अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बाबूलाल चौहान ने डग ब्लॉक में शिक्षा से संबंधित सहायता के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
व्याख्याता ओमप्रकाश शर्मा ने बालिकाओं को नियमित अध्ययन करते हुए अपने कार्य और पढ़ाई के बीच संतुलन बनाने की प्रेरणा दी। प्रधानाचार्य लालचंद सोनी ने स्टेट ओपन स्कूल के माध्यम से दोबारा नामांकन कर शिक्षा जारी रखने के अवसर पर प्रसन्नता जताते हुए शिक्षार्थियों को अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
कैंप संचालक एवं प्रेरक मंजू कुंवर ने अधिकारियों के मार्गदर्शन, सहयोग और प्रेरणा के लिए आभार व्यक्त किया।