उदयपुर, 7 अक्टूबर। स्मार्ट हलचल|जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), उदयपुर के शैक्षिक प्रौद्योगिकी प्रभाग द्वारा आईसीटी लैब का प्रभावी संचालन एवं क्रियान्वयन संबंधी प्रशिक्षण” विषयक तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का बुधवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण 7 से 9 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर संस्थान के वरिष्ठ व्याख्याता सत्यप्रिय मैत्री ने संभागियों को संबोधित करते हुए वर्तमान शैक्षिक परिदृश्य में आईसीटी की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज के समय में तकनीक का प्रभावी उपयोग शिक्षा व्यवस्था की अनिवार्य आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने सभी शिक्षकों से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण में सीखे गए ज्ञान एवं तकनीकी कौशल को अपने-अपने विद्यालयों में धरातल पर पूरी निष्ठा के साथ लागू करें, ताकि विद्यार्थियों को इसका सीधा लाभ मिल सके।
ईटी प्रभाग की विभागाध्यक्ष बीना कंवर राजपूत ने प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि तीन दिवसीय सत्रों के दौरान प्रतिभागियों को आईसीटी लैब के प्रभावी संचालन, उचित प्रबंधन, रख-रखाव तथा शिक्षण में इसके व्यावहारिक उपयोग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत जानकारी और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
सत्र के मुख्य दक्ष प्रशिक्षक चंद्रप्रकाश प्रजापत ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के संदर्भ में तकनीकी समावेशन पर विशेष चर्चा की। उन्होंने कक्षा-कक्ष में आधुनिक तकनीकी संसाधनों के रचनात्मक और प्रभावी उपयोग के तरीकों से संभागियों को अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान तकनीकी प्रबंधन एवं सुचारू संचालन में श्री चिराग सेनानी ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
प्रशिक्षण के आगामी दिनों में संभागियों को विद्यालयी शिक्षण को अधिक रोचक और डिजिटल बनाने के लिए सैद्धांतिक तथा प्रायोगिक अभ्यास करवाया जाएगा।