ब्यावर में एनकॉर्ड की समीक्षा बैठक: ‘नशा मुक्त ब्यावर’ अभियान को जन आंदोलन बनाने पर जोर

नशे के खिलाफ सख्त प्रशासन: ‘नशा मुक्त ब्यावर’ को जन आंदोलन बनाने का आह्वान, कड़े निर्देशों के साथ NCORD की बैठक संपन्न

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी, कारोबार और नशे के सेवन पर पूर्ण अंकुश लगाने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट में जिला स्तरीय नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट ने की, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया सहित पुलिस, चिकित्सा, शिक्षा, आबकारी और राजस्व विभागों के उच्च अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में एडीएम ब्रह्मलाल जाट ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ‘नशा मुक्त ब्यावर’ अभियान को एक जन आंदोलन का रूप दिया जाए। उन्होंने राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन ‘मानस-1933’ का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और खुफिया तंत्र को मजबूत कर तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

शिक्षा संस्थानों के पास नियमित जांच और साइबर पेट्रोलिंग

बैठक में निर्णय लिया गया कि स्कूल, कॉलेज और पुस्तकालयों के आसपास स्थित चाय-पान की दुकानों का नियमित संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा। मेडिकल
स्टोर्स पर प्रतिबंधित और साइकोट्रॉपिक दवाओं की बिक्री की सघन जांच होगी। वहीं, एएसपी डॉ. अनुकृति उज्जैनिया ने बताया कि डार्क नेट से होने वाली तस्करी को रोकने के लिए साइबर पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी और ह्यूमन इंटेलिजेंस को और मजबूत किया जाएगा।

इसके अलावा, जिला अस्पताल स्थित डी-एडिक्शन सेंटर (नशा मुक्ति केंद्र) के सुचारू संचालन, युवाओं व महिलाओं की भागीदारी से जागरूकता कार्यक्रम चलाने और संवेदनशील इलाकों में अवैध लैब्स पर नजर रखने के भी निर्देश दिए गए।