दिलखुश मोटीस
सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल|उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत गोरधा के गोपालपुरा ढाणी में करीब 10 वर्ष पूर्व निर्मित सीसी सड़क आज बदहाली का शिकार हो चुकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पूरी तरह टूटकर जगह-जगह से उखड़ गई है और अब दलदल जैसी स्थिति बन गई है। वहीं सड़क के दोनों ओर बनी नालियां भी पूरी तरह गायब हो जाने से बारिश और गंदे पानी की निकासी बंद हो गई है।
नालियों के अभाव में पूरे मोहल्ले में जगह-जगह जलभराव हो रहा है, जिससे गंदगी फैल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की है।
ग्रामीणों ने बताया कि गंदगी और रुके हुए पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया सहित अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त सड़क का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने, नालियों का निर्माण करवाने और मोहल्ले में नियमित साफ-सफाई कराने की मांग की है।
