कोख में बेटी की पहचान करना अपराध, बेटियों के सम्मान का संदेश घर-घर पहुंचाएंगी आशा सहयोगिनियां

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत कार्यशाला आयोजित, पीसीपीएनडीटी कानून के प्रावधानों की दी जानकारी

स्मार्ट हलचल । अनिल कुमार खीची

ब्यावर । स्मार्ट हलचल|बेटियों को जन्म लेने का अधिकार दिलाने और कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से शनिवार को सिटी डिस्पेंसरी, ब्यावर में आशा सहयोगिनियों की जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। महिला अधिकारिता विभाग के निर्देशानुसार पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की ओर से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत संचालित 60 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान में पीसीपीएनडीटी अधिनियम-1994 की जानकारी दी गई।

कार्यशाला में आशा सहयोगिनियों को गर्भधारण पूर्व एवं प्रसव पूर्व लिंग चयन प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों से अवगत कराया गया। बताया गया कि गर्भस्थ शिशु के लिंग की जांच करना, करवाना अथवा लिंग संबंधी जानकारी देना कानूनन अपराध है। साथ ही कन्या भ्रूण हत्या रोकने, बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और बेटा-बेटी को समान अधिकार एवं महत्व देने पर जोर दिया गया।

महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक जगदीश चौधरी ने कहा कि बेटियों के प्रति समाज की सोच में बदलाव लाना और लिंगानुपात में सुधार करना बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने आशा सहयोगिनियों से अपने कार्यक्षेत्र में आमजन को कानून के प्रति जागरूक करने तथा बालिकाओं के जन्म, शिक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।