गोहाना में मशाल जुलूस तो सुरड़िया में मोमबत्ती जलाकर लिया संकल्प, 30 नवंबर से जिलेभर में निकलेगा बाल विवाह मुक्ति रथ
अनिल कुमार खीची
ब्यावर । स्मार्ट हलचल।बाल विवाह के खिलाफ अब गांवों में भी जागरूकता की आवाज बुलंद होने लगी है। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर गोहाना और सुरड़िया ग्राम पंचायतों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। गोहाना में महिलाओं ने मशाल जुलूस निकालकर बाल विवाह के विरोध में एकजुटता दिखाई, वहीं सुरड़िया में मोमबत्तियां जलाकर ग्रामीणों ने अपनी पंचायत को बाल विवाह मुक्त बनाने की शपथ ली।
बाल अधिकारिता विभाग एवं दिशा आर.सी.डी. समाजसेवी संस्था की जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन परियोजना के तहत गोहाना में आयोजित कार्यक्रम में सरपंच मीना देवी, उपसरपंच मनोज सिंह एवं वार्ड पंचों ने ग्राम पंचायत को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प लिया। इसके बाद महिलाओं ने मशाल जुलूस निकालकर ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। जुलूस में बाल विवाह विरोधी नारों के माध्यम से बेटियों को शिक्षा से जोड़ने और उनकी पढ़ाई बीच में नहीं छुड़वाने का संदेश दिया गया। समापन पर सभी ने बाल विवाह मुक्त भारत बनाने की सामूहिक शपथ ली।
वहीं सुरड़िया ग्राम पंचायत में नवनियुक्त सरपंच प्रियंका देवी ने महिलाओं एवं ग्रामीणों को बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ दिलाई। महिलाओं ने मोमबत्तियां जलाकर बाल विवाह के खिलाफ एकजुट होकर कार्य करने और गांव को इस सामाजिक कुरीति से मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
30 नवंबर से गांवों में पहुंचेगा बाल विवाह मुक्ति रथ
दिशा आर.सी.डी. समाजसेवी संस्था के जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन परियोजना अधिकारी कुशाल सिंह रावत ने बताया कि 30 नवंबर को जिला कलक्टर एवं अन्य अधिकारियों द्वारा बाल विवाह मुक्ति रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। यह रथ जिले के विभिन्न गांवों में पहुंचकर बाल विवाह के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों और इसकी रोकथाम में समुदाय की भूमिका को लेकर जागरूकता फैलाएगा।
कार्यक्रम में बाल अधिकारिता विभाग के नीरज मेघवंशी, हर्ष जेडिया, विजेश देवाशी तथा संस्था के भीम सिंह, अर्चना, वीनस, लक्ष्मण सिंह, अमिता एवं बबली सहित अन्य उपस्थित रहे।