विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिया परामर्श, हड्डी, दांत और जोड़ों से जुड़ी समस्याओं का किया परीक्षण
अनिल कुमार खींची
ब्यावर। स्मार्ट हलचल।स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्री अग्रवाल मारवाड़ी पंचायत संस्था की ओर से रविवार को लालान गली स्थित अग्रवाल मारवाड़ी पंचायत भवन में निःशुल्क चिकित्सा परीक्षण एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 135 नागरिकों ने स्वास्थ्य जांच करवाकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।
संस्था अध्यक्ष रमेश बंसल ने महाराजा श्री अग्रसेनजी की तस्वीर के समक्ष माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। शिविर संयोजक घनश्याम अरडका ने बताया कि सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक आयोजित शिविर में ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन एवं वजन सहित विभिन्न जांचें निःशुल्क की गईं।
अमृतकौर चिकित्सालय के वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंद अग्रवाल ने हड्डियों से संबंधित समस्याओं का परीक्षण कर उपचार एवं परामर्श दिया। उन्होंने हड्डियों को मजबूत रखने के लिए कैल्शियम और विटामिन-डी युक्त आहार, नियमित व्यायाम तथा सही तरीके से उठने-बैठने की सलाह दी। दंत चिकित्सक डॉ. तृप्ति तंवर ने दांतों की जांच की, जबकि एक्यूप्रेशर विशेषज्ञ डॉ. कल्पना गोयल ने जोड़ों एवं शरीर के विभिन्न अंगों के दर्द से राहत के लिए व्यायाम और थैरेपी की जानकारी दी।
शिविर में संस्था पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। अमृतकौर अस्पताल के लैब टेक्नीशियन दीपक धोघावत, शमीम काठात एवं पायल बोहरा ने अपनी सेवाएं दीं।
बिना भेदभाव जरूरतमंदों को मिलते हैं चिकित्सा उपकरण
संस्था की ओर से शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को जाति, धर्म और संप्रदाय के भेदभाव के बिना चिकित्सा उपकरण निःशुल्क उपलब्ध करवाए जाते हैं। संस्था अध्यक्ष रमेश बंसल ने बताया कि आगामी चिकित्सा शिविर 6 दिसंबर रविवार को आयोजित किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से शिविरों का लाभ उठाकर स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील की।