माध्यमिक शिक्षा संघ के विस्तार में शिक्षिका प्रतिमा देवी को मिली मंडल मंत्री की जिम्मेदारी

प्रयागराज में आयोजित शिक्षक गोष्ठी एवं सम्मान समारोह में हुआ मनोनयन, धाता ब्लॉक की छह अन्य शिक्षिकाओं को भी विभिन्न पदों की मिली जिम्मेदारी

स्मार्ट हलचल।खखरेरू/फतेहपुर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा संघ के संगठनात्मक विस्तार के तहत फतेहपुर जनपद के धाता विकासखंड में तैनात शिक्षिका प्रतिमा देवी को मंडल मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रयागराज के जॉर्ज टाउन स्थित सेलिस्टियल इन में शनिवार को आयोजित संगठन के विस्तार, शिक्षक गोष्ठी एवं सम्मान समारोह के दौरान उनका मनोनयन किया गया। इस उपलब्धि से जनपद की शिक्षिकाओं और महिला शिक्षक संगठन की फतेहपुर इकाई में खुशी की लहर है।
कार्यक्रममें फतेहपुर जनपद के साथ ही धाता विकासखंड की शिक्षिकाओं ने भी संगठन में अपनी सक्रिय भागीदारी और मजबूत दावेदारी प्रस्तुत की। इसी क्रम में धाता विकासखंड के ख्वाजगीपुर थोन ग्राम सभा के विद्यालय में तैनात शिक्षिका प्रतिमा देवी को मंडल मंत्री पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्रदान की गई। इसके अलावा विकासखंड के अलग-अलग विद्यालयों में कार्यरत छह अन्य शिक्षिकाओं को भी संगठन में विभिन्न पदों पर मनोनीत कर जिम्मेदारी सौंपी गई।
शिक्षिका प्रतिमा देवी के मंडल मंत्री पद पर मनोनयन की जानकारी मिलते ही विद्यालय परिवार, सहकर्मियों और क्षेत्र के शिक्षकों में उत्साह देखने को मिला। शिक्षकों ने इसे धाता विकासखंड के लिए गौरव की उपलब्धि बताते हुए कहा कि संगठन में महिला शिक्षिकाओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलना उनके बढ़ते योगदान और सक्रियता को दर्शाता है।
इस अवसर पर प्रतिमा देवी ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा संघ की ओर से उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगी। शिक्षकों की समस्याओं को संगठन के माध्यम से उठाना और उनके हितों के लिए कार्य करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
प्रतिमा देवी की इस उपलब्धि पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। वहीं धाता विकासखंड के शिक्षकों ने भी उनके मनोनयन पर गर्व व्यक्त करते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए सम्मान की बात बताया।