महेन्द्र नागौरी
गिरफ्तारी की मांग को लेकर सैकड़ों लोगों का पैदल मार्च कर प्रदर्शन, पुलिस को दिया अल्टीमेटम; बोले-आखिर आरोपी को किसका संरक्षण?
जयपुर / स्मार्ट हलचल।भीलवाड़ा युवक वर्धमान जैन पर कथित जानलेवा हमले और आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से जैन समाज का आक्रोश सड़कों पर उतर आया। रविवार को जैन समाज के सैकड़ों लोगों ने जैन शक्ति संगठन के संयोजक एडवोकेट पूनम चन्द भंडारी और लोकेश बापना के नेतृत्व में शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला और मालवीय नगर थाने पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी सोमेश्वर गुप्ता को तत्काल गिरफ्तार करने और मामले में हत्या के प्रयास से संबंधित धारा 109 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) जोड़ने की मांग उठाई।
थाने पर प्रदर्शन के दौरान समाज के लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। उनका आरोप था कि घटना के बावजूद आरोपी अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर है और गंभीर रूप से घायल युवक को न्याय दिलाने के लिए परिवार को लगातार थाने के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। थानाधिकारी प्रधान ने उच्च अधिकारियों से वार्ता कर उनके निर्देशानुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
कुत्ते पर पत्थर मारने से शुरू हुआ विवाद, युवक की तोड़ दी नाक
जैन समाज के प्रतिनिधियों के अनुसार, घटना 4 नवंबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे मालवीय नगर स्थित नागर रेजिडेंसी की है। आरोप है कि वहां रहने वाले सोमेश्वर गुप्ता ने वर्धमान जैन के कुत्ते पर पत्थर फेंके। वर्धमान ने इसका विरोध किया तो आरोपी कथित रूप से आपा खो बैठा और युवक पर हमला कर दिया। उसे जमीन पर पटककर लातों से बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी नाक की हड्डियां टूट गईं और नाक से भारी रक्तस्राव होने लगा।
इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले विधि छात्र सोमानी ने युवक को बचाया। परिजनों का आरोप है कि यदि सोमानी मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव नहीं करते तो आरोपी युवक की जान भी ले सकता था।
तीन अस्पतालों में चला इलाज, हालत इतनी गंभीर कि बोलना भी मुश्किल
हमले में गंभीर रूप से घायल वर्धमान को पहले रूंगटा अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर उसे अपेक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। इसके बाद अगले दिन जयपुरिया अस्पताल में उपचार चला, जहां वह 8 नवंबर तक भर्ती रहा। परिजनों के अनुसार, उसकी हालत इतनी खराब थी कि वह ठीक से बोलने की स्थिति में भी नहीं था।
पुलिस पर गंभीर आरोप, काउंटर रिपोर्ट दर्ज करने पर भी उठे सवाल
वर्धमान के पिता मंजुल जैन ने घटना की रात ही पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जैन समाज के प्रतिनिधियों का आरोप है कि हमले की गंभीरता के बावजूद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत कार्रवाई नहीं की। इतना ही नहीं, आरोपी पक्ष की ओर से काउंटर रिपोर्ट दर्ज करने को लेकर भी पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं। समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि गंभीर रूप से घायल युवक के मामले में निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय आरोपी को राहत दी जा रही है।
20 नवंबर को दी थी चेतावनी, 22 नवंबर को थाने पहुंचा समाज
जैन शक्ति संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने संयोजक एडवोकेट पूनम चन्द भंडारी और लोकेश बापना के नेतृत्व में 20 नवंबर की रात थानाधिकारी से मुलाकात कर पूरे मामले में विस्तार से चर्चा की थी। प्रतिनिधिमंडल ने 21 नवंबर तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी। इसके बाद 22 नवंबर को सुबह 11 बजे मालवीय नगर के निवासियों और जैन समाज के सैकड़ों लोगों ने थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया।
समाज का सवाल—गंभीर हमले के बाद भी गिरफ्तारी क्यों नहीं?
प्रदर्शन के दौरान समाज में जबरदस्त आक्रोश नजर आया। लोगों का कहना था कि एक युवक पर इस तरह बेरहमी से हमला होने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होना कई सवाल खड़े करता है। प्रदर्शनकारियों ने निष्पक्ष जांच, उचित धाराओं में कार्रवाई और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। अब पुलिस के आश्वासन के बाद समाज की नजर कार्रवाई पर टिकी है।