छात्र-छात्राओं व स्टाफ ने देशभक्ति के जयघोष से दिया हर घर तिरंगा फहराने का संदेश; वरिष्ठ नागरिकों ने दिखाई हरी झंडी

भीलवाड़ा (स्मार्ट हलचल)स्वतंत्रता दिवस एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय शाहजी मोहल्ला, संजय कॉलोनी भीलवाड़ा के विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों द्वारा बड़े हर्षोल्लास के साथ भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में शामिल छात्र-छात्राओं के हाथों में लहराते तिरंगे और गूंजते देशभक्ति के नारों ने पूरे क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।

वार्ड की गलियों में गूंजे ‘भारत माता की जय’ के नारे

विद्यार्थियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामकर ‘भारत माता की जय’, ‘हर घर तिरंगा-घर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम’ के गगनभेदी जयघोषों के साथ वार्ड की विभिन्न गलियों में भ्रमण किया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने वार्ड वासियों को स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर अपने-अपने घरों पर आन-बान-शान से तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।

🚩 वरिष्ठ नागरिकों ने दिखाई हरी झंडी, स्टाफ की रही गरिमामयी उपस्थिति

विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य सुशील खाब्या ने बताया कि स्टाफ साथियों की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस देशभक्ति कार्यक्रम में वार्ड के वरिष्ठ एवं गणमान्य नागरिकों ने विशाल तिरंगा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के दौरान पूरे वार्ड में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।