मिशन शक्ति अभियान के तहत 5 बिखरते परिवार फिर हुए एक, महिला थाना में सुलह से दंपतियों की कराई गई विदाई

लखीमपुर खीरी। स्मार्ट हलचल|उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर संचालित मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत लखीमपुर खीरी पुलिस ने पारिवारिक विवादों के समाधान की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए पांच बिखरते परिवारों को फिर से एक कर दिया। महिला थाना में काउंसलिंग के बाद पति-पत्नी के बीच आपसी सहमति बनने पर पांच जोड़ों की विदाई कराई गई।पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में महिला थाना प्रभारी निरीक्षक बबिता पटेल ने काउंसलर सुश्री गुप्ता एवं कय्यूम जरवानी के सहयोग से पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों की सुनवाई की। इस दौरान दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा तथा साझा गृहस्थी में निवास को लेकर प्राप्त शिकायतों पर दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई गई।

अभियान के तहत कुल 14 मामलों में सुलह-समझौते का प्रयास किया गया। इनमें से 5 मामलों में पति-पत्नी के बीच सहमति बनने पर उनकी विदाई कराई गई, जबकि 6 मामलों में दोनों पक्षों के बीच अधिक मतभेद होने के कारण उन्हें विचार के लिए समय दिया गया। वहीं 3 मामलों में सुलह के प्रयास सफल नहीं हो सके, जिनमें नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

महिला थाना प्रभारी निरीक्षक बबिता पटेल ने कहा कि उनकी प्राथमिकता पारिवारिक विवादों के कारण टूटते परिवारों को संवाद और समझौते के माध्यम से जोड़ना है, ताकि परिवारों में सौहार्द बना रहे और अनावश्यक मुकदमेबाजी से बचा जा सके।

इस दौरान उपनिरीक्षक दिनेश मणि पाण्डेय, महिला आरक्षी सुमन लता, बबली पवार तथा सारिका सिंह चौहान ने भी काउंसलिंग प्रक्रिया में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। सुलह-समझौते के समय दोनों पक्षों के परिजन भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को मिशन शक्ति अभियान, महिला हेल्पलाइन नंबरों तथा कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना सहित विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक भी किया गया।