सावन के पहले सोमवार पर फरधान पुलिस हाई अलर्ट, कांवड़ यात्रा के लिए चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था

फरधान खीरी। स्मार्ट हलचल|सावन माह के पहले सोमवार को निकलने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर थाना फरधान पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और शांतिपूर्ण यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। थाना प्रभारी निराला तिवारी के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन लगातार कांवड़ मार्ग पर निगरानी बनाए हुए है।लालपुर बैरियर से लेकर मनिकापुर तिराहे तक पुलिस बल, ट्रैफिक पुलिस और वालंटियर्स की तैनाती की गई है। पूरे मार्ग पर प्रत्येक शिवभक्त की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

कांवड़ यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए थाना क्षेत्र में 53 वालंटियर्स की तैनाती की गई है। ये वालंटियर्स पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करने, भीड़ प्रबंधन और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का कार्य कर रहे हैं।

यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए लालपुर बैरियर से भारी वाहनों का डायवर्जन किया गया है, जिससे कांवड़ियों को निर्बाध आवागमन मिल सके। थाना प्रभारी निराला तिवारी स्वयं पुलिस और ट्रैफिक टीम के साथ लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं और अधिकारियों व ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

थाना फरधान पुलिस का कहना है कि सावन के पावन अवसर पर कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि सभी शिवभक्त अपनी धार्मिक यात्रा बिना किसी असुविधा के पूर्ण कर सकें।