एफएमजी इंटर्न्स ने स्टाइपेंड की मांग को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

ओपीडी, नाइट ड्यूटी और लेबर रूम में सेवाएं देने के बावजूद स्टाइपेंड नहीं मिलने का मुद्दा उठाया

चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं जिला चिकित्सालय, चित्तौड़गढ़ में अनिवार्य इंटर्नशिप कर रहे विदेशी मेडिकल ग्रेजुएट (FMG) इंटर्न्स ने स्टाइपेंड की मांग को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।इंटर्न्स ने बताया कि वे ओपीडी, नाइट ड्यूटी और लेबर रूम सहित अस्पताल के विभिन्न विभागों में नियमित रूप से सेवाएं दे रहे हैं। अन्य इंटर्न्स की तरह ही वे निर्धारित समय तक ड्यूटी कर रहे हैं तथा मरीजों की देखभाल और अस्पताल के अन्य कार्यों में जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें अभी तक कोई स्टाइपेंड नहीं दिया जा रहा है।एफएमजी इंटर्न्स का कहना है कि स्टाइपेंड नहीं मिलने से कई विद्यार्थियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि उनके अनुसार भारतीय मेडिकल ग्रेजुएट (IMG) इंटर्न्स को राजस्थान सरकार की ओर से 21,700 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जा रहा है।

एफएमजी इंटर्न्स की प्रमुख मांग
IMG इंटर्न्स के समान FMG इंटर्न्स को भी 21,700 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाए।

इंटर्न्स ने मांग की कि उन्हें भी IMG इंटर्न्स के समान 21,700 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाए। इसी मांग को लेकर उन्होंने गुरुवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

इंटर्न्स के अनुसार, जिला कलेक्टर की ओर से उन्हें आश्वासन दिया गया कि उनकी मांग को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।