श्री राष्ट्रीय करणी सेना मेवाड़ के गठन को लेकर सर्व समाज की बैठक आयोजित

समाजहित, सामाजिक एकता और जनसेवा को लेकर हुआ मंथन, संगठन विस्तार पर बनी सहमति

चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। चित्तौड़गढ़-भीलवाड़ा बाईपास स्थित हाथी भाटा आश्रम में रविवार को सामाजिक कार्यकर्ता बबलू सिंह ठुमिया के नेतृत्व में सर्व समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाजहित, सामाजिक एकता और जनसेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही श्री राष्ट्रीय करणी सेना मेवाड़ के गठन को लेकर भी विस्तृत मंथन हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ हाथी भाटा आश्रम के महंत संतदास महाराज एवं कठिया वाले बाबा बनवारी शरण महाराज के सानिध्य में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। संतों ने सामाजिक समरसता, सेवा, संस्कार और राष्ट्रहित को सर्वोपरि बताते हुए समाज को संगठित होकर कार्य करने का संदेश दिया।

बैठक में चित्तौड़गढ़ प्रधान देवेंद्र कंवर, सरला कंवर, गोविंद कंवर, युवा विप्रराज सिंह रोजड़ा एवं उनकी टीम सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सामाजिक संगठन को मजबूत बनाने, युवाओं को समाज सेवा से जोड़ने, शिक्षा, गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण तथा जनजागरूकता जैसे विषयों पर भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए बबलू सिंह ठुमिया ने कहा कि समाजहित सर्वोपरि है और इसी उद्देश्य से सर्व समाज को साथ लेकर संवाद एवं संगठन को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों के सुझावों के आधार पर जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

बैठक में उपस्थित समाजजनों ने भी सामाजिक समरसता, संगठन की मजबूती तथा समाज के हित में सामूहिक रूप से कार्य करने पर जोर दिया। साथ ही नई पीढ़ी को सामाजिक दायित्वों से जोड़ने का संकल्प भी व्यक्त किया।

इस अवसर पर हमीरगढ़ राव हर्ष प्रदीप सिंह, हुरड़ा प्रधान कृष्ण सिंह, कल्पना कंवर राठौड़ (शाहपुरा), वीरेंद्र सिंह सोलंकी, गजेंद्र सिंह सहित मेवाड़ क्षेत्र के बड़ी संख्या में करणी सैनिक, समाजजन, युवा एवं सर्व समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में समाजहित, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के कार्यों को संगठित रूप से आगे बढ़ाने तथा भविष्य में ऐसे संवाद एवं सामाजिक बैठकों का क्रम निरंतर जारी रखने का निर्णय लिया गया।