कोटा यूनाइटेड राउंड टेबल 306 ने किया भूमि पूजन, नौ साल में 36 कक्षा-कक्षों का निर्माण
26 लाख रुपए की लागत से होगा निर्माण, रैंप के साथ फर्नीचर और शैक्षिक चित्रकारी की भी व्यवस्था
कोटा। स्मार्ट हलचल|सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार और विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में कोटा यूनाइटेड राउंड टेबल 306 ने बुधवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, देवली अरब में चार नए कक्षा-कक्षों के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। करीब 26 लाख रुपए की लागत से बनने वाले इन कक्षा-कक्षों से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध होगा। निर्माण के साथ कक्षाओं में फर्नीचर उपलब्ध कराने और दीवारों पर शैक्षिक चित्रकारी (एजुकेशनल वॉल आर्ट) कराने की भी योजना है।
चेयरमैन मुकुल जैन ने बताया कि संस्था शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाएं विकसित करने के लिए निरंतर काम कर रही है। पिछले नौ वर्षों में संस्था की ओर से 36 कक्षा-कक्षों का निर्माण कराया जा चुका है। विद्यालय में दिव्यांग विद्यार्थियों की सुविधा के लिए रैंप भी बनाया जा रहा है, जिससे उन्हें कक्षाओं तक पहुंचने में आसानी होगी।
परियोजना में रियल टेम्पल्स ऑफ इंडिया का सहयोग भी मिल रहा है। संस्था के संस्थापक ट्रस्टी प्रांजल अग्रवाल ने सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार को महत्वपूर्ण बताते हुए ऐसे प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में सचिव आकाश काबरा, कोषाध्यक्ष शौर्य बटला, वाइस चेयरमैन निखिल अग्रवाल तथा सदस्य शुभम, शुभदीप, हिमांशु और श्वेतांक उपस्थित रहे। इस अवसर पर टेबल 281 के चेयरमैन सारांश मित्तल और टेबल 358 के चेयरमैन रोहित जैन की उपस्थिति के लिए विशेष आभार जताया गया।