लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे मुख्य अतिथि,दिव्यांग जोडा भी बनेगा हमसफर
कोटा।स्मार्ट हलचल|अमृत सेवा संस्थान एवं यादव समाज गूंज महिला मण्डल के तत्वावधान में रविवार को रामलीला दशहरा मैदान, सीएडी सर्किल पर निःशुल्क सामूहिक कन्या विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में 25 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे।महिला मण्डल अध्यक्ष ज्योति यादव ने बताया कि विगत तीन माह से इस आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। सम्मेलन में अनाथ एवं विधवा माताओं की पुत्रियों को प्राथमिकता दी गई है। शनिवार को भोजन, टेंट व अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया, जिसमें संयोजक प्रदीप यादव, व्यवस्थापक ललित यादव, संरक्षक शिवचरण यादव, महासचिव शशि यादव, कोषाध्यक्ष अनिता यादव तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष रानी यादव उपस्थित रहीं।
संयोजक प्रदीप यादव ने बताया कि 25 जोड़ों में अधिकांश हाड़ौती संभाग से हैं।
संयोजक विजय बागोलिया व दीपक यादव ने बताया कि इनमें एक जोड़ा गुना, मध्यप्रदेश से तथा एक जोड़ा दिव्यांग है। संरक्षक शिवचरण यादव ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। आयोजन में लगभग 8 से 10 हजार लोगो की उपस्थिती रहेगी।
कार्यक्रम की रूपरेखा
विजय बागोलिया व प्रदीप यादव ने बताया कि विवाह पारंपरिक वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार सम्पन्न होंगे। प्रातः आठ बजे गणेश पूजन से कार्यक्रम का शुभारंभ होगा, इसके पश्चात कलश यात्रा, तोरण एवं वरमाला के कार्यक्रम होंगे। दोपहर तीन बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ फेरे होंगे तथा सायं साढ़े पाँच बजे नवदंपत्तियों की विदाई दी जाएगी।
