बजरी के वर्चस्व को लेकर दिनदहाड़े गैंगवार, कोटड़ी चौराहे पर मचा हड़कंप

स्कॉर्पियो समेत दो वाहनों में तोड़फोड़, लाठी-डंडों से भिड़े दो गुट; हवाई फायरिंग की चर्चा, एसपी बोले— जांच जारी

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|जिले में बजरी के अवैध कारोबार को लेकर चल रहा वर्चस्व का विवाद बुधवार को खुलेआम सड़क पर आ गया। सदर थाना क्षेत्र के कोटड़ी चौराहे पर देव फर्नीचर के समीप दो गुटों के बीच दिनदहाड़े जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला किया। इस दौरान स्कॉर्पियो समेत दो वाहनों में तोड़फोड़ कर शीशे फोड़ दिए गए। अचानक हुए इस घटनाक्रम से चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत आकोला के पास नदी क्षेत्र में बजरी को लेकर हुई कहासुनी से हुई। इसके बाद दोनों पक्ष वाहनों से एक-दूसरे का पीछा करते हुए कोटड़ी चौराहे तक पहुंच गए। यहां देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और दोनों गुट सड़क पर आमने-सामने भिड़ गए।

बताया जा रहा है कि विवाद बजरी के दो गुट से जुड़े लोगों के बीच हुआ। इसी दौरान हवाई फायरिंग किए जाने की भी चर्चा सामने आई। सूत्रों के अनुसार विवाद के दौरान गोली चलने की बात भी सामने आ रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। मौके से कारतूस का कोई खोल भी बरामद नहीं हुआ है।

घटना के बाद चौराहे पर दहशत का माहौल बन गया। आसपास के कुछ दुकानदारों ने एहतियातन अपने प्रतिष्ठानों के शटर तक गिरा दिए। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई।

एसपी सागर राणा ने बताया कि दो गुटों के बीच मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ हुई है। हवाई फायरिंग की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार मामले में कुछ लोगों को डिटेन भी किया गया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे।

बजरी के अवैध कारोबार से जुड़े वर्चस्व के विवाद में हाईवे किनारे दिनदहाड़े हुई इस घटना ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही साफ होगा कि हवाई फायरिंग हुई थी या नहीं और दोनों गुटों के बीच विवाद की पूरी कहानी क्या है।