देशी कट्टा और 12 बोर के सात जिंदा कारतूस बरामद, आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज
चौमहला|स्मार्ट हलचल।गंगधार थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध देशी कट्टा तथा 12 बोर के सात जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में जिले में अवैध हथियारों की धरपकड़ एवं रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेषअभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक झालावाड़ एवं पुलिस उपाधीक्षक गंगधार आशीष भार्गव के निर्देश पर गंगधार थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
थाना प्रभारी किशोर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 20 नवंबर को गंगधार क्षेत्र के सुरविहारन के निकट गश्त के दौरान बलवंत सिंह को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा मय 12 बोर के सात जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने हथियार व कारतूस जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी बलवंत सिंह पुत्र रतन सिंह, जाति सौंधिया राजपूत, उम्र 56 वर्ष, निवासी सोमचड़ी, थाना गंगधार, जिला झालावाड़ है।
कार्रवाई में दीपेश कुमार, रणजीत सिंह, नीरज कुमार, सुभाष मावरा, बीरबल एवं महिला पुलिसकर्मी शामिल रहे। कार्रवाई में कांस्टेबल रणजीत सिंह की विशेष भूमिका रही।