गरबा महोत्सव-2026 को भव्य बनाने का महिलाओं ने लिया संकल्प

गुर्जरगौड़ ब्राह्मण समाज की महिलाओं ने किया पोस्टर विमोचन, 15 से 19 अक्टूबर तक होगा पांच दिवसीय आयोजन

भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|गुर्जरगौड़ ब्राह्मण समाज, भीलवाड़ा के तत्वावधान में आगामी 15 से 19 अक्टूबर 2026 तक कृषि मंडी रोड स्थित महर्षि गौतम शिक्षण संस्थान में आयोजित होने वाले पांच दिवसीय गरबा महोत्सव-2026 को भव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए समाज की महिलाओं ने संकल्प लिया। इस अवसर पर अजमेर रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में आयोजित किट्टी कार्यक्रम के दौरान गरबा महोत्सव के पोस्टर का विमोचन किया गया। महिलाओं ने आयोजन को सफल बनाने तथा अधिकाधिक समाजबंधुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प भी व्यक्त किया।

पांच वर्षों से निरंतर हो रहा गरबा महोत्सव

ज्योति आशीर्वाद ने बताया कि गुर्जरगौड़ ब्राह्मण समाज द्वारा पिछले पांच वर्षों से निरंतर गरबा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन की विशेषता यह है कि गरबा भजन, गुजराती गीतों एवं सांस्कृतिक गीतों की मधुर धुनों पर खेला जाता है। साथ ही, प्रतिभागियों को पारंपरिक वेशभूषा में गरबा खेलने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है, जिससे भारतीय संस्कृति एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों को बढ़ावा मिलता है।

महिलाओं और बच्चियों में विशेष उत्साह

गरबा महोत्सव समाज के बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं परिवारों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बन चुका है। नवरात्रि के दौरान आयोजित होने वाले इस महोत्सव का समाज की महिलाओं एवं बच्चियों को बेसब्री से इंतजार रहता है। आयोजन में पारिवारिक वातावरण, भारतीय संस्कृति और सुरक्षित माहौल को प्राथमिकता दी जाती है, जिसके चलते समाज के सभी वर्ग पूरे उत्साह के साथ इसमें भाग लेते हैं।

तैयारियां अंतिम चरण में

गरबा महोत्सव को भव्य, आकर्षक एवं सांस्कृतिक स्वरूप प्रदान करने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन का उद्देश्य समाज के बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं को एक मंच पर लाकर आपसी मेलजोल, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करना है। समाज की महिलाओं ने विश्वास व्यक्त किया कि इस वर्ष भी गरबा महोत्सव उत्साह, उमंग एवं पारंपरिक संस्कृति के रंगों से सराबोर रहेगा।
पोस्टर विमोचन में कल्पना सुल्तानिया, बिंदिया शर्मा, अनीता अवधेश शर्मा, मौसमी ओझा, गायत्री तिवारी, अरुणा व्यास, दुर्गेश नंदिनी, साधना भट्ट , अनीता कंठ, निर्मला व्यास, हेमा, सरिता शर्मा, निर्मला शर्मा, पारस शर्मा, उषा शर्मा, सविता व्यास, चंचल शर्मा उपस्थित रही ।