(महेन्द्र नागौरी)
जयपुर / भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|अंतरराष्ट्रीय हालातों के बीच एलपीजी गैस के दामों में बड़ा उछाल देखने को मिला है। पेट्रोलियम कंपनियों ने कीमतों की समीक्षा के बाद 19 किलो के कॉमर्शियल गैस सिलेंडर पर अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी करते हुए 993 रुपए का इजाफा कर दिया है।
नई दरों के मुताबिक अब कॉमर्शियल सिलेंडर 2106 रुपए से बढ़कर सीधे 3099 रुपए में मिलेगा। वहीं 5 किलो वाला छोटा सिलेंडर भी 241 रुपए तक महंगा हो गया है, जिसकी कीमत अब 833 से 857 रुपए के बीच पहुंच गई है।
राजस्थान एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के अनुसार इस बढ़ोतरी के पीछे वैश्विक परिस्थितियां, खासकर अमेरिका-ईरान तनाव को प्रमुख कारण माना जा रहा है।
हालांकि राहत की बात यह है कि घरेलू उपयोग के गैस सिलेंडरों की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ने से होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यवसायों पर महंगाई का सीधा असर पड़ना तय है।
