गृह स्वामी गए थे भीलवाड़ा इलाज करवाने, पीछे से चोरों ने घर में बोला धावा, सुराज गांव में बनाया दो घरों को निशाना, लाखो के जेवरात और नकदी पर किया हाथ साफ

रोहित सोनी

आसींद । भीलवाड़ा जिले के आसींद थाना क्षेत्र के सुराज गांव में चोरों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। रविवार दोपहर अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े दो मकानों के ताले तोड़कर जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश खटीक उपचार के लिए भीलवाड़ा गए हुए थे। घर सूना देखकर चोरों ने मकान के ताले तोड़ दिए और अंदर रखे जेवरात व नकदी चोरी कर ली। खास बात यह है कि करीब दो वर्ष पूर्व भी ओमप्रकाश के घर में बड़ी चोरी की वारदात हुई थी, जिसमें लाखों रुपये के जेवरात चोरी हो गए थे, लेकिन आज तक उसका खुलासा नहीं हो पाया।
वहीं गांव के ही दूदा रावल के मकान को भी चोरों ने निशाना बनाया और ताले तोड़कर सामान चोरी कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही आसींद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भारी रोष और भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द गिरफ्तार कर चोरी की वारदातों का खुलासा करने की मांग की है।