पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। अजमेर–चित्तौड़गढ़ हाईवे स्थित हाथी भाटा आश्रम में सामाजिक कार्यकर्ता बबलू सिंह ठुमिया के नेतृत्व में सर्व समाज की ऐतिहासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में मेवाड़ क्षेत्र के समाजसेवी, युवा, करणी सैनिक और विभिन्न समाजों के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान समाजहित के विभिन्न मुद्दों पर मंथन करते हुए श्री राष्ट्रीय करणी सेना मेवाड़ के गठन की घोषणा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ हाथी भाटा आश्रम के महंत संत दास जी महाराज एवं कठिया वाले बाबा बनवारी शरण जी महाराज के सानिध्य में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। संतों ने सामाजिक एकता, सेवा, संस्कार और राष्ट्रहित को सर्वोपरि बताते हुए संगठित होकर समाज उत्थान के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए बबलू सिंह ठुमिया ने कहा कि समाजहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सर्व समाज को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में गौसेवा, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, युवाओं के मार्गदर्शन, सामाजिक जागरूकता और जनकल्याण जैसे विषयों पर व्यापक स्तर पर अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही समाज के हर वर्ग के सुझावों के आधार पर कार्ययोजना तैयार कर जनहित के कार्यों को गति दी जाएगी।
बैठक में उपस्थित समाजजनों ने सामाजिक समरसता, संगठन की मजबूती और नई पीढ़ी को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने पर जोर दिया। सभी ने मिलकर समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर हमीरगढ़ राव हर्ष प्रदीप सिंह, हुरड़ा प्रधान कृष्ण सिंह, चित्तौड़गढ़ प्रधान देवेंद्र कंवर, कल्पना कंवर राठौड़ (शाहपुरा), वीरेंद्र सिंह सोलंकी, सरला कंवर, गजेंद्र सिंह अमरगढ़, गोविंद कंवर सहित बड़ी संख्या में करणी सैनिक, समाजसेवी एवं सर्व समाज के लोग उपस्थित रहे।
