सफाई व्‍यवस्‍था को बेहतर और पर्यटन स्‍थलों को विकसित करने के लिए जिला कलक्‍टर ने किया शहर का दौरा

एक ही वाहन में अधिकारियों के साथ दौरा कर दिया ईंधन बचाने का संदेश

बूंदी- स्मार्ट हलचल|बूंदी शहर की सफाई व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और पर्यटन स्थलों को संवारने के लिए मंगलवार को जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव ने पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा, नगर परिषद आयुक्त और पर्यटन अधिकारी के साथ खुली जीप में शहर का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शहर के विभिन्‍न क्षेत्रों में सफाई व्‍यवस्‍था का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक ने शहर के बाइपास रोड, नवल सागर झील, बालचंद पाडा, मीरा गेट, सुखमहल, बाणगंगा क्षेत्र, पुरानी कृषि उपज मंडी और नगर परिषद के कायन हाउस सहित विभिन्न क्षेत्रों का जायजा लिया। दौरे के दौरान उन्होंने शहरवासियों से सफाई व्यवस्था को लेकर संवाद कर फीडबैक भी लिया, जिस पर लोगों ने प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।

ईंधन बचाने का दिया संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से ईंधन की खपत में संयम बरतने की गई अपील के दृष्टिगत मितव्ययिता और पर्यावरण संरक्षण की मिसाल पेश करते हुए अलग-अलग सरकारी गाड़ियों के लंबे काफिले के बजाय केवल एक ही वाहन का इस्तेमाल किया। जिला कलक्टर ने नगर परिषद और पर्यटन विभाग के अधिकारियों को अपने साथ एक ही खुली जीप में बिठाकर पूरे शहर का सघन दौरा कर आमजन को भी ईंधन बचाने और उसका सदुपयोग करने का सकारात्मक संदेश दिया।

पर्यटन विकास का रोड मैप तैयार

जिला कलक्टर ने कहा कि बूंदी प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण है, और यहां बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक आते हैं। लोकसभा अध्यक्ष और राज्य सरकार ने बूंदी के विकास का रोड मैप तैयार किया है। इन विकास कार्यों के पूरा होने के बाद पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा। उन्होंने कहा कि शहर की व्यवस्थाओं में सफाई सबसे अहम है। पार्किंग स्पेस विकसित करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर पर्यटकों को अच्छी सुविधाएं देने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

जिला कलक्‍टर ने आमजन और सामाजिक संगठनों से शहर को स्वच्छ बनाने के लिए रचनात्मक सुझाव मांगे। उन्होंने अपील की कि स्वच्छता को अपनी आदत बनाएं। हर दुकानदार, प्रतिष्ठान संचालक और ठेले वाले बाहर एक बड़ा डस्टबिन जरूर रखें। कचरा नालियों में न डालें ताकि बारिश में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। कचरे का उचित निस्तारण नगर परिषद के निर्धारित कचरा पॉइंट या कचरा संग्रहण वाहन में ही करें।

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्‍टर ने निर्देश दिए कि सुनियोजित कार्य योजना बनाकर सुखमहल को विकसित किया जाए। जैतसागर के वेस्ट वियर के पास जमा गंदगी तुरंत साफ करवाई जाए। नगर परिषद के कायन हाउस को और बेहतर तरीके से विकसित किया जाए। बारिश के मौसम में यहां जलभराव न हो, इसके लिए पानी निकासी के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। पुराने शहर की ऐतिहासिक और हेरिटेज दीवारों का सौंदर्यीकरण किया जाए। साथ ही, हाईवे पर आरवीटीआर का व्यापक प्रचार-प्रसार हो। पुरानी धानमंडी में प्रस्तावित बस स्टैंड पर पुलिस चौकी और पर्यटकों के लिए आवश्यक जनसुविधाएं विकसित की जाएं।

दौरे के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने कहा कि शहर में बेहतर यातायात प्रबंधन की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। यातायात सुव्यवस्थित होने से न केवल शहरवासियों को राहत मिलेगी, बल्कि पर्यटकों को भी भ्रमण में अच्छी व्यवस्था मिलेगी। उन्होंने कहा कि शहर की व्‍यवस्‍थाओं को बेहतर बनाने में पुलिस विभाग की ओर से प्रशासन को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।