जलभराव के स्थायी समाधान, राष्ट्रीय पार्क के जीर्णोद्धार और सफाई व्यवस्था सुधारने पर दिया जोर, मनरेगा कार्यों की निष्पक्ष जांच की मांग
हिण्डौन सिटी।स्मार्ट हलचल|नगर परिषद हिण्डौन सिटी की पहली बोर्ड बैठक में वार्ड 25 के पार्षद हिमांशु दत्तात्रेय ने शहर के विकास और आमजन की समस्याओं से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए। उन्होंने खारी नाले का काम शीघ्र शुरू करवाने, शहर में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने, मुख्य बाजार में महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट बनवाने और राष्ट्रीय पार्क का जीर्णोद्धार करवाने की मांग रखी। इसके साथ ही उन्होंने नगर परिषद में मनरेगा कार्यों में सामने आ रही कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच करवाने तथा सफाई और कचरा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
पार्षद ने कहा कि शहर के विकास के लिए मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है। बरसात के दौरान जलभराव से आमजन को होने वाली परेशानी को देखते हुए खारी नाले का काम प्राथमिकता से शुरू करवाया जाना चाहिए। नाले का कार्य समय पर पूरा होने से जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में मदद मिल सकती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इस काम में तेजी लाने की आवश्यकता जताई।
मुख्य बाजार में पिंक टॉयलेट की मांग
हिमांशु दत्तात्रेय ने महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा और सम्मान को ध्यान में रखते हुए शहर के मुख्य बाजार में पिंक टॉयलेट बनवाने की मांग रखी। बाजार में खरीदारी के लिए आने वाली महिलाओं को सार्वजनिक शौचालय की सुविधा मिलने से राहत मिल सकेगी। उन्होंने शहर के प्रमुख राष्ट्रीय पार्क के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करवाने की भी मांग की, ताकि पार्क को बेहतर बनाया जा सके और लोगों को सुविधाजनक वातावरण मिल सके।
मनरेगा कार्यों की जांच और सफाई व्यवस्था पर जोर
पार्षद ने नगर परिषद क्षेत्र में मनरेगा कार्यों को लेकर सामने आ रही कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित मामलों की जांच होनी चाहिए।
इसके अलावा वार्ड क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती तथा घरेलू और व्यावसायिक क्षेत्रों से नियमित कचरा संग्रहण और उसका उचित निस्तारण सुनिश्चित करने की मांग रखी। उनका कहना था कि स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए नियमित निगरानी और प्रभावी कचरा प्रबंधन जरूरी है।
पार्षद हिमांशु दत्तात्रेय ने कहा कि वार्ड की समस्याओं को उचित मंच पर उठाना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने हिण्डौन को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और विकसित शहर बनाने के लिए जनहित से जुड़े मुद्दों को आगे भी बोर्ड बैठक में उठाते रहने की बात कही।