जहाजपुर: लाइनमैन की लापरवाही से 11KV लाइन पर काम कर रहे अस्थायी कर्मी की करंट लगने से मौत
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब / स्मार्ट हलचल)। क्षेत्र के जालमपुरा गांव में बिजली विभाग की एक बड़ी और जानलेवा लापरवाही सामने आई है। यहां 11 हजार केवी (11kV) लाइन का फॉल्ट ठीक करने के लिए डीपी (डिस्ट्रिब्यूशन प्वाइंट) पर चढ़े एक अस्थायी कर्मचारी की अचानक बिजली चालू हो जाने से करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक के साथ-साथ भारी आक्रोश है।
लाइनमैन के कहने पर डीपी पर चढ़ा था युवक, पीछे से चालू हुई बिजली
मृतक की पहचान जालमपुरा निवासी अमर सिंह मीणा (37) पुत्र राजू लाल मीणा के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेतों से गुजर रही 11 केवी लाइन में पिछले तीन दिनों से फॉल्ट था। आरोप है कि संबंधित लाइनमैन हंसराज बैरवा के कहने पर अस्थायी कर्मी अमर सिंह इसे ठीक करने डीपी पर चढ़ा था। उसी दौरान बिना सूचना के पीछे से अचानक लाइन चालू कर दी गई। हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से अमर सिंह बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
दोषियों पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग
मृतक अमर सिंह अपने पीछे तीन छोटे बच्चों (दो बेटियां और एक बेटा) को बिलखता छोड़ गया है। बच्चों के सिर से पिता का साया उठने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए लापरवाह लाइनमैन और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
