पहले भी प्रकाशित हुई थी खबर, लेकिन नहीं हुई स्थायी मरम्मत; बरसात में पानी भरने से हर पल बना हादसे का खतरा

पहले भी प्रकाशित हुई थी खबर, लेकिन नहीं हुई स्थायी मरम्मत; बरसात में पानी भरने से हर पल बना हादसे का खतरा

खजूरी (स्मार्ट हलचल/अलकेश पारीक)

जहाजपुर से त्रिवेणी धाम को जोड़ने वाले स्टेट हाईवे-134 पर खजूरी ग्राम पंचायत के बाहर सड़क पर बना विशाल गड्ढा एक बार फिर राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। इस गंभीर जनसमस्या को लेकर पहले भी समाचार प्रकाशित किया गया था, लेकिन संबंधित विभाग और जिम्मेदार निर्माण एजेंसी की उदासीनता के चलते आज तक स्थायी मरम्मत नहीं कराई जा सकी।

बरसात में पानी भरने से बढ़ा हादसों का अंदेशा

क्षेत्र का प्रमुख मार्ग होने के कारण स्टेट हाईवे-134 से प्रतिदिन हजारों दोपहिया-चारपहिया वाहन, निजी बसें, स्कूल वाहन, एंबुलेंस, मालवाहक वाहन और त्रिवेणी धाम जाने वाले श्रद्धालु गुजरते हैं। बारिश के दौरान सड़क का विशाल गड्ढा पूरी तरह पानी से भर जाता है, जिससे चालकों को इसकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। अचानक वाहन की दिशा बदलने के चक्कर में कई दोपहिया वाहन चालक असंतुलित होकर गिर चुके हैं।

🛑 नियमित वसूला जा रहा टोल, फिर रखरखाव में लापरवाही क्यों?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि इसी स्टेट हाईवे-134 पर वाहन चालकों से नियमित रूप से टोल टैक्स वसूला जा रहा है, लेकिन सड़क की हालत बद से बदतर बनी हुई है। टोल चुकाने के बावजूद लोगों को सुरक्षित और सुगम सड़क नहीं मिल रही। ग्रामीणों का कहना है कि जब सड़क रखरखाव के नाम पर टोल लिया जा रहा है, तो फिर इस जानलेवा गड्ढे की समय पर मरम्मत क्यों नहीं कराई जा रही?

ग्रामीणों ने प्रशासन से की त्वरित कार्रवाई की मांग

स्थानीय निवासियों का कहना है कि पूर्व में खबर प्रकाशित होने के बाद उम्मीद जगी थी कि विभाग जागेगा, लेकिन स्थिति पहले से भी अधिक खराब हो चुकी है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित सड़क निर्माण एजेंसी से मांग की है कि खजूरी ग्राम पंचायत के बाहर बने इस जानलेवा गड्ढे की तत्काल गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी मरम्मत कराई जाए। साथ ही टोल वसूलने वाली एजेंसी की जवाबदेही तय कर नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।