पटवारियों की मांगों को लेकर जहाजपुर में आवाज बुलंद, अध्यक्ष नारायण लाल धाकड़ के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन

अलकेश पारीक

जहाजपुर।स्मार्ट हलचल|राजस्थान पटवार संघ की विभिन्न मांगों एवं समस्याओं के समाधान को लेकर मंगलवार को जहाजपुर उपशाखा के पटवारियों ने अध्यक्ष नारायण लाल धाकड़ के नेतृत्व में उपखंड अधिकारी के माध्यम से राजस्व मंडल अजमेर के निबंधक के नाम ज्ञापन सौंपा। पटवारियों ने मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी।ज्ञापन में बताया गया कि पटवार संघ की मांगों एवं समस्याओं को लेकर पूर्व में भी सरकार एवं राजस्व विभाग को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से पटवारी वर्ग में नाराजगी एवं असंतोष व्याप्त है। संघ ने बताया कि 15 जुलाई 2026 के बाद मांगों के निराकरण के लिए बैठक आयोजित करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

पटवारियों ने ज्ञापन में डीसीएस गिरदावरी में आ रही समस्याओं का समाधान एवं आवश्यक संशोधन, बकाया मानदेय का तत्काल भुगतान, गिरदावरी लोक होने पर मानदेय भुगतान, सॉफ्टवेयर एवं पटवारी वर्ग की सुरक्षा के लिए प्रशासन को दिशा-निर्देश जारी करने सहित विभिन्न मांगें रखीं।

इसके साथ ही पटवारी पद को तकनीकी पद घोषित कर ग्रेड पे 3600 एवं पे लेवल-10 देने, पटवारी संवर्ग के पदोन्नति अवसर बढ़ाने के लिए कैडर पुनर्गठन करने, प्रत्येक ग्राम पंचायत में पटवार मंडल सृजित करने तथा नगरीय निकायों एवं अन्य विभागों में पटवारी, भू-अभिलेख निरीक्षक, नायब तहसीलदार एवं तहसीलदार के पद सृजित करने की मांग की गई।

ज्ञापन में पटवारियों को मिलने वाले बहुआयामी भत्ता, दोहरा कार्य भत्ता, विशेष भत्ता एवं स्टेशनरी भत्ता सहित अन्य भत्तों में वृद्धि करने तथा पटवारी संवर्ग के लिए ग्रामीण क्षेत्र भत्ता एवं डेपुटेशन अलाउंस शुरू करने की मांग भी रखी गई। इसके अलावा सभी बकाया पदोन्नतियां करने एवं भविष्य में समयबद्ध पदोन्नति के लिए कैलेंडर जारी करने तथा राजस्थान भू-राजस्व अधिनियम एवं नियमों से संबंधित स्थानांतरण नीति को स्पष्ट करने की मांग की गई।
पटवार संघ ने चेताया कि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर संगठन के निर्देशानुसार आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।

अध्यक्ष नारायण लाल धाकड़ के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपने के दौरान जहाजपुर उपशाखा के पटवारी मौजूद रहे।