जान हथेली पर रखकर सफर:मंगरोप-भीलवाड़ा रोड पर बिना नंबर के टेम्पो की छत पर बैठीं 7-8 महिलाएं,जिम्मेदारों की निगरानी पर सवाल

मंगरोप @ मुकेश खटीक।मंगरोप-भीलवाड़ा मार्ग पर यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी का मामला सामने आया है।कस्बे के बस स्टैंड से गुजर रहे एक बिना नंबर के चौपहिया टेम्पो की छत पर करीब 7 से 8 महिलाएं बैठकर सफर करती नजर आईं।इस दौरान टेम्पो सड़क पर दौड़ता रहा और महिलाएं जान जोखिम में डालकर छत पर बैठी रहीं।

टेम्पो की छत पर यात्रियों को बैठाकर सफर करवाना न केवल बेहद खतरनाक है,बल्कि किसी भी समय बड़ा हादसा होने का कारण बन सकता है।अचानक ब्रेक लगने,वाहन के अनियंत्रित होने या सड़क पर किसी अन्य वाहन से टक्कर होने की स्थिति में छत पर बैठी महिलाओं के गंभीर रूप से घायल होने की आशंका बनी रहती है।

नियमों की अनदेखी,कार्रवाई का इंतजार

सबसे गंभीर सवाल यह है कि बिना नंबर का वाहन सड़क पर कैसे दौड़ रहा है और उसमें यात्रियों को छत पर बैठाकर परिवहन क्यों किया जा रहा है?कस्बे के मुख्य बस स्टैंड से होकर गुजरने के बावजूद यदि इस तरह का वाहन जिम्मेदार विभागों की नजरों से निकल रहा है तो यातायात व्यवस्था और वाहन जांच की निगरानी पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। ऐसे में परिवहन एवं पुलिस विभाग को बिना नंबर और नियम विरुद्ध संचालित वाहनों की जांच कर कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले इस तरह की लापरवाही पर रोक लग सके।

अब सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार विभाग इस मामले को गंभीरता से लेते हुए ऐसे वाहनों की जांच करेंगे या फिर किसी हादसे का इंतजार किया जाएगा?