मोहाली हत्याकांड के विरोध में जीनगर समाज ने सौंपा ज्ञापन

डिंपल खत्री हत्याकांड के दोषियों को फांसी और पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता देने की मांग

चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। पंजाब के मोहाली में जीनगर समाज की बेटी डिंपल खत्री की निर्मम हत्या के विरोध में मंगलवार को जीनगर समाज चित्तौड़गढ़ ने राष्ट्रपति महोदया के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। समाज के प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर रामचंद्र खटीक को ज्ञापन सौंपते हुए पीड़ित परिवार को न्याय एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग उठाई।

जीनगर समाज के अध्यक्ष राजेश जीनगर के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि पटियाला निवासी 29 वर्षीय डिंपल खत्री मोहाली स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थीं। आरोप है कि 4 जून 2026 को कंपनी परिसर में ही एक सहकर्मी द्वारा धारदार हथियार से हमला कर उनकी निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे जीनगर समाज में गहरा आक्रोश और शोक व्याप्त है।

ज्ञापन में कहा गया कि डिंपल खत्री अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित थीं और उनके परिवार का मुख्य व्यवसाय हस्तनिर्मित पंजाबी जुत्ती निर्माण है। बेटी की असामयिक मृत्यु के बाद परिवार मानसिक, सामाजिक और आर्थिक संकट से गुजर रहा है। समाज ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित सुनवाई कर दोषियों को कठोरतम दंड दिया जाए तथा पीड़ित परिवार को न्याय सुनिश्चित किया जाए।

प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम सौंपे ज्ञापन में पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान करने, आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा आरोपियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग भी की।

इस दौरान संरक्षक छगनलाल जीनगर, कोषाध्यक्ष अंबालाल चितारा, सचिव नवरतन जीनगर, शांतिलाल सिसोदिया, खूबचंद पड़िहार, गोपाललाल सिसोदिया, सीताराम सिसोदिया, धनराज सोनगरा, भागचंद जीनगर, कन्हैयालाल जादरा चौहान, मुकेश बोराणा, मनोज सोनगरा, कैलाश पंवार, सुनील पड़िहार, पंकज सिसोदिया, राजू बोराणा, अजय पड़िहार, मनीष पड़िहार, राहुल जीनगर, गोविंद जीनगर, अभिषेक गहलोत सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि इस जघन्य घटना के दोषियों को शीघ्र कठोर सजा दिलाकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाना चाहिए, ताकि समाज में कानून के प्रति विश्वास बना रहे।